आगरा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर राहगीर पर पलटा, दो फौजी बेटों के पिता की दर्दनाक मौत
आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र के अकबरा गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई। मृतक 55 वर्षीय दिलीप सिंह अकबरा के निवासी थे। तेज रफ्तार में दौड़ रहे ट्रैक्टर के अचानक पलटने से दिलीप सिंह उसके नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के दो बेटे इंडियन आर्मी के जवान हैं।
खेत से लौटते वक्त पलटा ट्रैक्टर
यह हादसा सोमवार दोपहर 12 बजे अकबरा से हीरालाल प्याऊ की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय करुआ पुत्र केदार सिंह खेत की जुताई के बाद ट्रैक्टर लेकर लौट रहा था। ट्रैक्टर काफी तेज रफ्तार में था। अचानक यह ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। उसी वक्त रास्ते से गुजर रहे दिलीप सिंह ट्रैक्टर के नीचे आ गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
सेना के दो जवानों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक दिलीप सिंह के तीन बेटे हैं, ऋषि, प्रदीप और लवकुश। इनमें से प्रदीप और लवकुश भारतीय सेना में कार्यरत हैं। घटना की सूचना जब परिवार और बेटों को मिली, तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सेना में सेवा दे रहे दोनों बेटों के लिए यह खबर किसी वज्रपात से कम नहीं थी।
आरोपी चालक घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में ट्रैक्टर चालक करुआ भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने करुआ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही करुआ की हालत में सुधार होगा, उससे पूछताछ की जाएगी।
गांव में मातम, लोगों ने जताया दुख
दिलीप सिंह की अचानक हुई मौत से अकबरा गांव सहित आसपास के इलाकों में गहरा दुख व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि दिलीप सिंह बेहद सरल और मिलनसार व्यक्ति थे।
इस हादसे ने यह साबित कर दिया कि तेज रफ्तार और लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है। खेत से लौट रहे ट्रैक्टर ने एक राह चलते व्यक्ति की जान ले ली और उसके परिवार की दुनिया उजाड़ दी।
-रिपोर्ट- सौरभ सिंह