एनएच-19 पर तेज रफ्तार का कहर, एत्मादपुर में रोडवेज बस ने कार को मारी टक्कर, महिला घायल

आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में एनएच-19 पर रोडवेज बस की टक्कर से एक स्विफ्ट डिजायर कार पलट गई। हादसे में कार सवार महिला प्रतिभा पांडे घायल हो गईं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने वाहन हटवाकर यातायात सुचारु कराया और जांच शुरू कर दी है।

Jan 15, 2026 - 21:24
 0
एनएच-19 पर तेज रफ्तार का कहर, एत्मादपुर में रोडवेज बस ने कार को मारी टक्कर, महिला घायल
दुर्घटनाग्रस्त कार।

आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक नजारा देखने को मिला। फिरोजाबाद की ओर से आ रही एक रोडवेज बस ने आगे चल रही स्विफ्ट डिजायर कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क पर पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार महिला घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, अलीगंज (जिला एटा) निवासी रामवीर पाण्डेय अपनी पत्नी प्रतिभा पांडे और बेटे के साथ इलाज के लिए आगरा जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार देव टेक्निकल कैंपस के सामने नगला रामबक्स के पास पहुंची, पीछे से आ रही रोडवेज बस ने अचानक टक्कर मार दी। बेकाबू बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार संतुलन खोकर पलट गई।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। कार में रखा सरसों का तेल सड़क पर फैल गया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एत्मादपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया गया। इस दुर्घटना में प्रतिभा पांडे के हाथ में चोट आई है, जिन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य परिजन सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह रोडवेज बस की तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-19 पर भारी वाहनों की अनियंत्रित गति आए दिन हादसों का कारण बन रही है, लेकिन इसके बावजूद सख्ती नहीं हो पा रही है।