हिरण्यकश्यप का अहंकार चूर, भक्त प्रहलाद की भक्ति से प्रकट हुए भगवान नरसिंह
आगरा के वाटर वर्क्स चौराहा स्थित गौशाला में श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के तहत भक्त प्रहलाद की लीला का प्रभावशाली मंचन किया गया। हिरण्यकश्यप के अहंकार, प्रहलाद की अटूट विष्णु भक्ति और भगवान के नरसिंह अवतार के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आयोजन ने सत्य, संस्कार और दृढ़ विश्वास का संदेश दिया। शुक्रवार शाम 6:30 बजे विशाल गोवर्धन प्रतिमा बनाकर गोवर्धन उत्सव मनाया जाएगा और अन्नकूट का प्रसाद लगाया जाएगा।
वाटर वर्क्स गौशाला में श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के दौरान हुआ भावपूर्ण मंचन, शुक्रवार शाम 6:30 बजे होगा गोवर्धन उत्सव, लगेगा अन्नकूट का भोग
आगरा। वाटर वर्क्स चौराहा स्थित गौशाला में आयोजित श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार को भक्त प्रहलाद की लीला का अत्यंत भावपूर्ण एवं प्रभावशाली मंचन किया गया। भगवान के प्रति बालक प्रहलाद की अटूट निष्ठा, हिरण्यकश्यप के अहंकार और भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार के प्रसंगों ने दर्शकों को भक्ति और अध्यात्म की गहन अनुभूति कराई। कलाकारों ने सशक्त अभिनय और संवादों के माध्यम से भारतीय पौराणिक परंपरा के इस अमर प्रसंग को जीवंत कर दिया।
लीला में दर्शाया गया कि हिरण्यकश्यप ने अपनी शक्ति और सामर्थ्य के मद में स्वयं को ईश्वर घोषित कर दिया था। वह चाहता था कि समूचा संसार उसकी आराधना करे, किंतु उसका पुत्र प्रहलाद भगवान विष्णु की भक्ति में लीन था। पिता के विरोध, भय, प्रलोभन और अनेक प्रकार की यातनाओं के बावजूद प्रहलाद ने अपनी आस्था और विश्वास का परित्याग नहीं किया। होलिका के अग्नि में बैठने, हाथियों से कुचलवाने तथा अन्य प्राणघातक प्रयासों के दृश्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। अंततः भगवान विष्णु ने नरसिंह अवतार धारण कर हिरण्यकश्यप का अंत किया और अपने भक्त की रक्षा कर धर्म की स्थापना की।
कथा व्यास ने कहा कि भक्त प्रहलाद की कथा केवल पौराणिक इतिहास का प्रसंग नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों और सामाजिक चेतना का शाश्वत संदेश है। आज के बदलते सामाजिक परिवेश में यह कथा विशेष रूप से प्रासंगिक है। जब समाज में अहंकार, असहिष्णुता, स्वार्थ और नैतिक मूल्यों के क्षरण जैसी चुनौतियां दिखाई देती हैं, तब प्रहलाद का चरित्र हमें, सत्यनिष्ठा, धैर्य और अपने आदर्शों के प्रति अडिग रहने की प्रेरणा देता है।
श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि यह लीला ने अभिभावकों को भी महत्वपूर्ण संदेश दिया है कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में केवल भौतिक सुविधाएं और शैक्षिक उपलब्धियां ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि उनमें संस्कार, करुणा, विवेक, सहिष्णुता और मानवीय संवेदनाओं का विकास भी आवश्यक है। प्रहलाद की बाल चेतना यह स्थापित करती है कि सद्विचार और नैतिक दृढ़ता आयु के मोहताज नहीं होते। बच्चों को भय के बजाय विवेक, दबाव के बजाय संवाद और अंधानुकरण के बजाय सत्य की पहचान करना सिखाना ही श्रेष्ठ संस्कारों की आधारशिला है।
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में भक्त प्रहलाद के चरित्र का यह मंचन दर्शकों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ आत्मचिंतन, संस्कार और आध्यात्मिक जागरण का माध्यम बना। लीला ने यह संदेश दिया कि सच्ची शक्ति बाहुबल, धन अथवा सत्ता में नहीं, बल्कि सत्य, सदाचार, करुणा और अटूट आत्मविश्वास में निहित होती है।
भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूपों की आरती उतारी हेल्प आगरा के अध्यक्ष एसके जैन, महामंत्री गौतम सेठ, राजेंद्र बंसल, अंजू बंसल, श्री राम लीला कमेटी के भगवान दास बंसल, कल्याण मंगल, विष्णु दयाल के अलावा मनीष अग्रवाल, विजय रोहतगी, नीरू रोहतगी, आदर्श नंदन गुप्ता, सुशील बंसल, रेनू गोयल, सुजाता अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, अमित मोंटू, संजय गुप्ता, संगीता गुप्ता, लक्ष्मण शर्मा, विनीत सिंघल, वीरेंद्र आदि ने।
गोवर्धन उत्सव कल
श्री कृष्ण लीला समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल के अनुसार शुक्रवार को गोवर्धन उत्सव शाम 6.30 बजे मनाया जाएगा। गोवर्धन की विशाल प्रतिमा बनाई जाएगी। अन्नकूट का प्रसाद लगाया जाएगा।