परशुराम जयंती पर अवकाश, विप्र कल्याण आयोग और रुनकता क्षेत्र पर्यटन क्षेत्र घोषित हो: अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में आगरा में हुई बैठक में उठी आवाज

संगठन की शक्ति और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के संकल्प के साथ अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति ने रविवार को आगरा में एक सुर में तीन प्रमुख मांगें उठाईं। ये हैं- भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर सरकारी अवकाश, विप्र कल्याण आयोग का गठन और आगरा स्थित रुनकता क्षेत्र को पर्यटन स्थल का दर्जा। देश के कई राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने ऐतिहासिक सांस्कृतिक पहचान और अधिकारों की समानता को लेकर दृढ़ स्वर में अपनी बात रखी।

Dec 7, 2025 - 18:19
 0
परशुराम जयंती पर अवकाश, विप्र कल्याण आयोग और रुनकता क्षेत्र पर्यटन क्षेत्र घोषित हो: अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में आगरा में हुई बैठक में उठी आवाज
होटल पीएल पैलेस में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक में शामिल देशभर के विप्र बंधु।

आगरा। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (रजि.) एवं ब्राह्मण प्रोफेशनल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में संजय प्लेस स्थित होटल पीएल पैलेस में रविवार को राष्ट्रीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, गोरखपुर, लखनऊ, बरेली, रामपुर, गाजियाबाद, दिल्ली, बिहार, चंडीगढ़ और बिजनौर से आए विप्र बंधुओं ने उपस्थिति दर्ज कर संगठन की मजबूती का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, भगवान परशुराम और महामना पं. मदन मोहन मालवीय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। यह अनुष्ठान राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष पं. बी.डी. शर्मा, राष्ट्रीय सचिव पं. मुनीश चन्द शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष पं. त्रिभुवन शर्मा, संरक्षक पं. महेश शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पं. सुरेन्द्र पाण्डेय, राष्ट्रीय संरक्षक राजपाल शर्मा और ब्राह्मण प्रोफेशनल एसोसिएशन के सचिव डॉ. पंकज नगाइच द्वारा सम्पन्न किया गया।
मंगलाचरण और स्वस्तिवाचन पूनम वार्ष्णेय ने किया, जबकि स्वागत गीत कल्पना शर्मा और आरती शर्मा ने प्रस्तुत किया।

तीन बड़ी मांगें: परशुराम जयंती पर अवकाश सहित

बैठक में भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने, विप्र कल्याण आयोग के गठन तथा आगरा के रुनकता क्षेत्र को पर्यटन स्थल घोषित करने की पुरजोर मांग उठाई गई। प्रतिनिधियों ने इन तीन प्रस्तावों को ब्राह्मण समाज के गौरव, कल्याण और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ा बताया।

ब्राह्मण संस्कृति का ध्वजवाहक, उस पर आरोप राष्ट्र के विरुद्ध साजिश

राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. बी.डी. शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण वैदिक सनातन संस्कृति के मूल संवाहक हैं। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों के बिना भारतीय संस्कृति की कल्पना तक संभव नहीं। ऐसे में ब्राह्मणों पर अनर्गल आरोप लगाने वाले तत्व राष्ट्र को कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ब्राह्मणों को एकजुट होकर संस्कृति की रक्षा करनी होगी, तभी राष्ट्र उन्नति करेगा।

ब्रज माधुर्य भाग-2 का विमोचन: संस्कृति की तस्वीर

कार्यक्रम में ‘ब्रज माधुर्य भाग-2’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया। पं. बी.डी. शर्मा ने कहा कि यह पत्रिका ब्रज की प्राचीन संस्कृति की मिठास को संजोए हुए है और ब्रज की सभ्यता को नई पहचान देगी।
महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मधु भारद्वाज ने बताया कि पत्रिका में ब्रज संस्कृति, मंदिरों, ब्राह्मण समाज और परंपराओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण आलेख शामिल हैं। यह ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर का दस्तावेज बनकर उभरेगी।

सवर्णों के साथ भेदभाव, लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत

प्रदेश अध्यक्ष पं. त्रिभुवन शर्मा ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में समान अवसर की बात की जाती है, लेकिन शिक्षा, न्याय, राजनीति, रोजगार और प्रमोशन, किसी भी क्षेत्र में ब्राह्मणों सहित सवर्ण समाज के साथ समानता नहीं बरती जा रही। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया।

सम्मान और रिपोर्ट प्रस्तुति

राष्ट्रीय सचिव पं. मुनीश चन्द शर्मा ने विगत वर्ष की कार्यवाही की रिपोर्ट प्रस्तुत की। अंजू अग्निहोत्री, अनिल शर्मा, कांति शर्मा, डॉ. सिद्धार्थ दुबे, डॉ. शैलजा शर्मा और पं. सूरज तिवारी सहित कई अतिथियों का स्वागत पं. बी.डी. शर्मा ने शॉल ओढ़ाकर और मोतियों की माला पहनाकर किया।

अतिथियों के स्वागत में शशि तिवारी, दीप्ति भार्गव, आनंद शंकर शर्मा, अरुणकांत सारस्वत, नीलम शर्मा, ममता पचौरी, वंदना तिवारी, सुनीता झा, आकांक्षा शर्मा, विजया तिवारी, किरन शर्मा, कल्पना शर्मा, डॉ. रामेन्द्र शर्मा, सुनयन शर्मा, अपूर्व शर्मा, क्रतेन शर्मा, आभा चतुर्वेदी और कल्पना राजोरिया मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मधु भारद्वाज और धन्यवाद ज्ञापन पं. महेश शर्मा ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor