बरेली में हनी ट्रैप गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत पांच गिरफ्तार, रंगदारी वसूलते थे

-आरके सिंह- बरेली। इज्जतनगर थाना पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए चौथ वसूलने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस गिरोह की मुख्य सदस्य महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो कार बरामद की है।

Aug 25, 2025 - 22:11
 0
बरेली में हनी ट्रैप गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत पांच गिरफ्तार, रंगदारी वसूलते थे
बरेली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये हनी ट्रैप गिरोह के सदस्य।

गिरोह के पांच सदस्य हवालात में

सोमवार को पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने खुलासा किया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर गिरोह की सदस्य हनी उर्फ नेहा खान, गुड्डू बंजारा, अवधेश, आकाश और मिथलेश गंगवार को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ इज्जतनगर थाने में बीएनएस की कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, मोहित मिश्रा और दो अज्ञात आरोपी फरार हैं।

सरगना था आकाश, महिला करती थी जाल में फंसाने का काम

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना आकाश पुत्र नरेश कुमार है। वह अपने साथियों के साथ भोले-भाले युवकों को हनी ट्रैप में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। गिरोह की मुख्य सदस्य हनी उर्फ नेहा खान फोन और सोशल मीडिया के जरिए युवकों से संपर्क करती थी और फिर उन्हें होटल या सुनसान स्थान पर बुलाती थी। इसके बाद गिरोह के बाकी सदस्य मिलकर पीड़ित को धमकाकर रंगदारी वसूलते थे।

होटल से स्कॉर्पियो तक खींचा गया पीड़ित

ताजा मामले में गिरोह ने अमित राठौर नामक युवक को फंसाया। उसे होटल सहगल बुलाया गया और वहां से जबरन स्कॉर्पियो में डालकर मिनी बाईपास रोड पर ले जाया गया। गिरोह के सदस्यों ने वीडियो और फोटो वायरल करने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। मजबूरन पीड़ित ने 30 हजार रुपये और सोने की अंगूठी सौंप दी।

कई और मामले आ चुके हैं सामने

पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य अब तक कई युवकों को इसी तरीके से जाल में फंसा चुके हैं। लोगों से ठगी और जबरन वसूली की कई घटनाएं सामने आई हैं। इज्जतनगर पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई बड़ी सफलता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस तरह के झांसे से बचें और सतर्क रहें।

SP_Singh AURGURU Editor