न्यू आगरा के नगला पदी में सरेराह गुंडई, एक युवक को गिराकर बांस से पीटा, दो आरोपी गिरफ्तार

आगरा। शहर के नगला पदी क्षेत्र में एक युवक को बांस से पीटने की नृशंस घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पुलिस ने हरकत में आकर तीन आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अब भी फरार है।

Jul 8, 2025 - 18:09
 0
न्यू आगरा के नगला पदी में सरेराह गुंडई, एक युवक को गिराकर बांस से पीटा, दो आरोपी गिरफ्तार
न्यू आगरा के नगला पदी में युवक को सरेराह घेरकर पीटते युवक।

देर रात रास्ते में रोका और पीटा

घटना 6 जुलाई की रात करीब 10 बजे की है। पीड़ित अरविंद जब अपने घर लौट रहा था, तभी सचिन, राहुल, एनके टेलर और एक अन्य युवक ने उसे घेर लिया। बिना किसी उकसावे के गाली-गलौज शुरू कर दी गई और विरोध करने पर हाथापाई शुरू हो गई।

बांस से वार, सड़क पर गिराकर पीटा

झगड़े के बीच एक युवक पास से बांस उठा लाया और अरविंद पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। अरविंद ने पुलिस को बताया कि बाकी युवकों ने भी उसे सड़क पर गिराकर लात-घूसों से बेरहमी से पीटा। वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा।

वायरल वीडियो से बढ़ा दबाव

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा। थाना न्यू आगरा पुलिस ने अरविंद की तहरीर पर तीन नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर, सचिन और राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। एनके टेलर अब भी फरार है।

पुलिस ने बताया कि घटना का पुराना विवाद से संबंध भी सामने आ रहा है, जिसकी जांच की जा रही है। क्षेत्र में तनाव न फैले, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor