आगरा में खौफनाक मर्डर का खुलासा, प्यार, शक और धोखे ने लिया दरिंदगी का रूप
आगरा में युवक ने प्रेम संबंधों में शक के चलते अपनी गर्लफ्रेंड की बेरहमी से हत्या कर दी। ऑफिस बुलाकर की गई इस खौफनाक वारदात में शव को ठिकाने लगाने की कोशिश भी की गई, लेकिन CCTV फुटेज के जरिए पुलिस ने 12 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला पुलिस के विरोधाभासी बयानों और सिर की तलाश को लेकर चर्चा में है।
ऑफिस बुलाकर की थी गर्लफ्रेंड की गला रेतकर हत्या , सिर-धड़ अलग कर यमुना में फेंका था शव
आगरा। आगरा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला निर्मम हत्याकांड का खुलासा 12 घंटे में हो गया। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के पार्वती विहार में एक युवक ने अपनी ही गर्लफ्रेंड को ऑफिस बुलाकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। आरोप है कि युवक ने पहले गला रेतकर जान ली, फिर सिर धड़ से अलग किया और शव को बोरे में भरकर ठिकाने लगाने की कोशिश की।
गौरतलब है कि आरोपी ने शुक्रवार को युवती की ही स्कूटी पर शव लादकर करीब 2 किलोमीटर दूर यमुना पुल तक पहुंचाया और बोरा वहीं फेंक दिया, जबकि सिर झरना नाले में फेंकने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने हत्या की वजह प्रेम संबंधों में शक और धोखा बताया।
शक बना कत्ल की वजह
पुलिस के अनुसार, आरोपी विनय राजपूत और मृतका मिनसी एक ही कंस्ट्रक्शन एजेंसी में काम करते थे। दोनों के बीच 3–4 साल से प्रेम संबंध थे। विनय शादी करना चाहता था और उसके घरवाले भी इसके लिए तैयार थे, लेकिन मिनसी बात टालती रहती थी।
इसी दौरान विनय को शक हुआ कि मिनसी का किसी और से भी संबंध है। इसे लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि यही शक धीरे-धीरे उसके गुस्से और नफरत में बदल गया।
शादी की खरीदारी के बहाने बुलाया ऑफिस
23 जनवरी को मिनसी अपने भाई की शादी (6 फरवरी) की तैयारियों के लिए संजय प्लेस जाने की बात कह रही थी। इसी बहाने विनय ने उसे जरूरी काम बताकर ऑफिस बुला लिया। आरोप है कि उसने पहले ही ऑफिस बॉय को छुट्टी दे दी थी ताकि वहां कोई और मौजूद न रहे। ऑफिस पहुंचते ही दोनों के बीच बहस हुई, जो कुछ ही देर में खूनी वारदात में बदल गई।
शव ठिकाने लगाने की नाकाम कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने शव को अलग-अलग हिस्सों में रखकर रात होने का इंतजार किया। अंधेरा होने पर उसने शव को मिनसी की एक्टिवा पर लादा। यमुना पुल के पास अचानक स्कूटी का संतुलन बिगड़ा और बोरा गिर गया। एक वाहन चालक के शक होने पर आरोपी घबरा गया और शव वहीं छोड़कर फरार हो गया। 24 जनवरी की रात करीब 1 बजे पुलिस को बोरे में युवती का शव मिला। सिर उस समय बरामद नहीं हुआ था।
सीसीटीवी से खुला राज, 12 घंटे में गिरफ्तारी
युवती के घर न लौटने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने 4 टीमें गठित कर जांच शुरू की और 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी स्कूटी पर शव ले जाते हुए दिखा। स्कूटी नंबर के आधार पर पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
परिजनों को करता रहा गुमराह
परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद भी विनय बेहद चालाकी से पेश आता रहा। वह मिनसी की तलाश का नाटक करता रहा, यहां तक कि गुमशुदगी दर्ज कराने थाने भी उनके साथ गया।
पुलिस के बयानों में विरोधाभास
मामले में पुलिस अधिकारियों के बयान भी चर्चा में हैं। डीसीपी सैयद अली अब्बास ने शुरुआत में सिर अलग न होने की बात कही, जबकि एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि हत्या के बाद सिर धड़ से अलग किया गया और उसकी तलाश जारी है।