ताज नगरी में दीप्ति के स्वागत और रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, सजे रास्ते, नाचे लोग, महिला शक्ति को सलाम
आगरा। ताज नगरी आगरा गुरुवार को क्रिकेट और महिला सशक्तिकरण के रंग में रंग गई। वीमेन वर्ल्ड कप में भारत को गौरवान्वित करने वाली टीम इंडिया की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा अपने शहर लौटीं तो स्वागत में पूरा शहर झूम उठा।
वर्ल्ड कप विजेता दीप्ति शर्मा का हुआ भव्य स्वागत, भावना क्लार्क से दीप्ति एकेडमी तक 10 किमी लंबा रोड शो
ढोल, बैंड और तिरंगे की लहरों के बीच दीप्ति ने लहराया गर्व “हर बेटी बन सकती है भारत की दीप्ति”
कोच हेमलता काला और पूनम यादव भी हुईं शामिल, कहा – “अब हर शहर से निकलेगी एक नई दीप्ति”
आगरा। ताज नगरी आगरा गुरुवार को क्रिकेट और महिला सशक्तिकरण के रंग में रंग गई। वीमेन वर्ल्ड कप में भारत को गौरवान्वित करने वाली टीम इंडिया की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा अपने शहर लौटीं तो स्वागत में पूरा शहर झूम उठा।
सुबह कैलाशपुरी मोड स्थित भावना क्लार्क से शुरू हुआ 10 किलोमीटर लंबा रोड शो एक उत्सव में बदल गया। फूलों से सजे खुले ट्रक में बैठी दीप्ति शर्मा ने शहरवासियों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ ‘भारत माता की जय’ और ‘दीप्ति शर्मा जिन्दाबाद ’ के नारों से गूंज उठी। ढोल-नगाड़े, बैंड बाजा, ऊंट-घोड़े और झूमते प्रशंसक, मानो आगरा में कोई विजय यात्रा निकल रही हो। रास्ते में कारगिल चौराहा, बोदला, मारुति एस्टेट, कलाकुंज और अवधपुरी से गुजरते हुए जैसे-जैसे दीप्ति का काफिला बढ़ा, भीड़ और उत्साह बढ़ता गया। पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। हर चौक पर बैनर, पोस्टर और फूलों से सजे तोरणद्वार। हर कोई बेटी दीप्ति पर नाज करता नजर आया।
एकेडमी में हुआ भव्य स्वागत
दीप्ति का रोड शो उनकी दीप्ति शर्मा एकेडमी पर जाकर समाप्त हुआ, जहां सम्मान समारोह रखा गया। घर पहुंचने पर मां सुशीला शर्मा ने आरती उतारी और बेटी की पसंदीदा डिश बनाकर स्वागत किया। दीप्ति भावुक नजर आईं, उन्होंने कहा यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, हर उस लड़की का है जो सपने देखने की हिम्मत रखती है।
क्रिकेट जगत की दिग्गज भी रहीं मौजूद
कार्यक्रम में इंडियन रेलवे की हेड कोच हेमलता काला और पूर्व भारतीय क्रिकेटर पूनम यादव भी मौजूद रहीं।
हेमलता कला ने कहा कि अब हर शहर से एक नई दीप्ति निकलेगी, जो देश का नाम रोशन करेगी। दीप्ति के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब मिला था। उन्होंने वर्ल्ड कप में 215 रन बनाए और 22 विकेट लिए। यूपी सरकार ने उनके योगदान को सम्मानित करते हुए 1.5 करोड़ रुपये के पुरस्कार की घोषणा की।
महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनी दीप्ति शर्मा
दीप्ति की विजय यात्रा ने यह संदेश दिया कि “बेटियां जब उड़ान भरती हैं, तो पूरा आसमान उनका होता है।” उनका रोड शो न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों के लिए, बल्कि हर उस महिला के लिए प्रेरणा बना जो अपने सपनों के लिए संघर्ष कर रही है।