आगरा में इंसानियत शर्मसार, धारदार हथियार से कुत्ते की हत्या, बदबू से खुला राज
आगरा के शाहगंज क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कुत्ते की धारदार हथियार से हत्या कर शव घर में छुपा दिया। बदबू आने पर पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद किया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तार कर लिया गया है।
आगरा। आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र स्थित सिद्ध साहनी नगर में पशु क्रूरता की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक बेजुबान कुत्ते को बेरहमी से मार डाला गया और आरोपी ने शव को अपने ही घर में छुपा दिया।
मामले के अनुसार इलाके के लोगों ने कई घंटों तक कुत्ते की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच आरोपी के घर से तेज बदबू आने लगी, जिससे पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के अंदर से कुत्ते का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी कल्लू ने धारदार हथियार से कुत्ते को काटकर उसकी हत्या की और पकड़े जाने के डर से शव को छुपा दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार कुत्ते के साथ मारपीट कर चुका था, लेकिन इस बार उसने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने आरोपी कल्लू के खिलाफ पशु क्रूरता के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी कल्लू को गिरफ्तार कर लिया गया है।