आगरा में आठ बीघा ज़मीन के लिए पति की हत्या: पत्नी गिरफ्तार, मुंहबोले भाई की तलाश जारी

किरावली (आगरा)। आठ बीघा जमीन पर कब्जा करने की लालसा ने पत्नी को इस कदर अंधा बना दिया कि उसने अपने ही पति की हत्या की साजिश रच दी। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के गांव दुल्हारा में शनिवार रात को पत्नी प्रीति ने अपने मुंहबोले भाई बीरी उर्फ बीर सिंह के साथ मिलकर पति सुरेश (45) की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद मृतक को पंखे से लटकाने की कोशिश की गई, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके, लेकिन साजिश नाकाम रही। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसके मुंहबोले भाई की तलाश की जा रही है।

Jul 8, 2025 - 20:30
 0
आगरा में आठ बीघा ज़मीन के लिए पति की हत्या: पत्नी गिरफ्तार, मुंहबोले भाई की तलाश जारी
पति की हत्या में गिरफ्तार प्रीति, जिसे जेल भेज दिया गया है।  

अभागा सुरेश, जिसे उसी की पत्नी ने मुंहबोले भाई की मदद से मार डाला।

ज़मीन पर अधिकार की ज़िद ने ली जान

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सुरेश की लगभग आठ बीघा जमीन थी, जिस पर पत्नी प्रीति जबरन हक चाहती थी। सुरेश के विरोध करने पर उसने हत्या की योजना रची। प्रीति ने बताया कि वह अपने मुंहबोले भाई बीरी को साथ लेकर गांव पहुंची और सोते समय पहले पति के सिर पर डंडे से वार किया, फिर साड़ी से फंदा बनाकर गला घोंट दिया।

दरोगा भाई ने भी नहीं दिया साथ

जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला का सगा भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा है। लेकिन बहन की गलत हरकतों से परेशान होकर उसने कोई मदद नहीं की।

पुलिस ने सुरेश के बड़े भाई सोबरन सिंह की तहरीर पर प्रीति, मुंहबोले भाई बीरी और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। प्रीति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि बीरी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पति-पत्नी के बीच लंबे समय से था विवाद

प्रीति मूल रूप से थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव गढ़मुख्खा की रहने वाली है। दोनों का विवाह कुछ साल पहले हुआ था और उनका सात वर्षीय एक पुत्र भी है। पुलिस के अनुसार, लंबे समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जो इस खौफनाक अंजाम तक जा पहुंचा।

SP_Singh AURGURU Editor