पाक ने तनाव बढ़ाया तो हम निर्णायक जवाब देंगे- भारतीय सेना
नई दिल्ली। भारत -पाकिस्तान के बीच सीजफायर के ऐलान के बाद शनिवार शाम को रक्षा मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें आर्मी से कर्नल सोफिया कुरैशी, एयरफोर्स से विंग कमांडर व्योमिका सिंह और नेवी से कोमोडोर रघु आर नायर मौजूद थे। रक्षा मंत्रालय की ब्रीफिंग कुल 9 मिनट चली। इसमें कर्नल सोफिया ने पाकिस्तान की तरफ से गलत सूचनाएं फैलाने की जानकारी दी। वहीं कोमोडोर नायर ने कहा कि भारत की सेनाएं पूरी तरह सतर्क और तैयार हैं। अगर फिर हमला हुआ, तो हम मुंहतोड़ जवाब देंगे।
कर्नल सोफिया ने कहा कि अब मैं आपको पाकिस्तान की मिस इन्फॉर्मेशन कैंपेन के बारे में जानकारी दूंगी। पहला उसने अपने जेएफ-17 से हमारे एस-400 और ब्रह्मोस मिसाइल बेस को नुकसान पहुंचाया। ये बिल्कुल गलत है। उसका कहना है कि हमारी एयरफील्ड सिरसा, जम्मू,पठानकोट और भुज में हमला किया है, ये भी पूरी तरह से गलत है।
हमारे चंडीगढ़ और ब्यास स्थित हथियार खाने पर हमला किया, यह बात भी गलत है। हमने पहले भी बताया था कि ये सभी मिलिट्री फैसिलिटीज पूरी तरह सुरक्षित हैं, इन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। पाकिस्तान कह रहा है कि भारत ने मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया। भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है। भारत की सेना उसकी वैल्यूज की बहुत अच्छी झलक है। हमने उनके मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचाया। भारत ने पाकिस्तान की एयरफील्ड स्कर्दू, जकूबाबाद, सरगोदा और बुलारी को बहुत नुकसान पहुंचाया है।
हमने पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम, रडार सिस्टम को फेल किया। उनके मिलिट्री सिस्टम का हमने नुकसान किया। इंडियन आर्मफोर्स पूरी तरह तैयार है। भारत की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए तैयार है। इसके अलावा पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम, रडार सिस्टम को बेकार कर दिया। एलओसी के पास पाकिस्तान के कमांड एंड कंट्रोल लॉजिस्टिक इंस्टालेशन और उनके मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर्स और उनके पर्सनल का इतना नुकसान हुआ कि पाकिस्तान की ऑफेंसिव और डिफेंसिव कैपेबिलिटी को नष्ट कर दिया गया। फिर से बात दोहराना चाहूंगी कि इंडियन आर्म्ड फोर्सेस पूरी तरह तैयार और सतर्क हैं। भारत की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए पूरी तरह से समर्पित हैं।
कोमोडोर रघु आर नायर ने कहा, 'भारतीय आर्मी, नेवी और एयरफोर्स मातृभूमि की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम पूरी तरह से तैयार और सतर्क हैं। पाकिस्तान की किसी भी हिमाकत को ताकत से जवाब दिया चुका है, आगे भी तनाव बढ़ाने की कोशिश की तो उन्हें निर्णायक जवाब दिया जाएगा।