बरेली में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, फिरौती के लिए मासूम फुफेरे भाई की हत्या

-आरके सिंह- बरेली। बरेली जिले के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के टिटौली गांव में रविवार रात रिश्तों को कलंकित करने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। दस वर्षीय मासूम आहिल को उसके ही फुफेरे भाई वसीम ने पिज्जा खिलाने के बहाने अगवा कर लिया और फिर दस लाख रुपये की फिरौती की मांग की। पैसे न मिलने पर दरिंदे ने मासूम का गला ब्लेड से रेतकर निर्मम हत्या कर दी।

Aug 18, 2025 - 18:10
Aug 18, 2025 - 18:11
 0
बरेली में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, फिरौती के लिए मासूम फुफेरे भाई की हत्या

-दस लाख की फिरौती के लिए दिया गया अपराध को अंजाम, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

मुठभेड़ में दबोचा गया आरोपी

सोमवार सुबह पुलिस ने वसीम को मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस कर दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, जिस पर जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ हुई और वसीम दोनों पैरों में गोली लगने से घायल होकर पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने खेत से खून से लथपथ आहिल का शव बरामद किया।

मासूम के साथ दरिंदगी और फिरौती की मांग

परिजनों ने पुलिस को बताया कि वसीम ने मासूम को बहला-फुसलाकर जंगल में ले जाकर कुकर्म की कोशिश की। विरोध करने पर उसने ब्लेड से गला रेत दिया और फिर आहिल के पिता को व्हाट्सएप कॉल कर दस लाख रुपये फिरौती मांगी। धमकी देकर शव को खेत में फेंककर फरार हो गया।

गांव में मातम और आक्रोश

आहिल तीसरी कक्षा का छात्र था और चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी मौत से गांव में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इस जघन्य अपराध में वसीम के साथ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। गांव में गुस्सा और आक्रोश का माहौल है। लोग मांग कर रहे हैं कि दोषी को फांसी जैसी सख्त सजा मिले, ताकि भविष्य में इस तरह की वारदात दोबारा न हो।

पुलिस का आश्वासन

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि वसीम पर पॉक्सो एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इस अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor