स्वाधीनता दिवस पर नेशनल चैंबर ने किया विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार व स्वदेशी अपनाने का आह्वान

आगरा। 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर चैम्बर भवन प्रांगण में ध्वजारोहण के साथ ही देशवासियों को स्वदेशी वस्तुएं अपनाने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल ने की, जबकि मुख्य अतिथि श्री पूरन डावर, चेयरमैन फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और जयघोषों से प्रांगण गूंज उठा, वहीं देश के अमर शहीदों को नमन किया गया।

Aug 15, 2025 - 19:14
 0
स्वाधीनता दिवस पर नेशनल चैंबर ने किया विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार व स्वदेशी अपनाने का आह्वान
स्वाधीनता दिवस के मौके पर ध्वजारोहण के बाद आयोजित कार्यक्रम में मौजूद अध्य़क्ष संजय गोयल, जूता एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के अध्य़क्ष पूरन डावर एवं अन्य अतिथिगण।

चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने का दिन नहीं, बल्कि यह हमारे वीर बलिदानियों की याद दिलाने का अवसर है। आजादी सिर्फ एक अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी है, और हर नागरिक को अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए देश को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने राष्ट्र की अखंडता और स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि श्री पूरन डावर ने उद्यमिता को सबसे बड़ी समाजसेवा बताते हुए कहा कि हम आर्थिक स्वतंत्रता के दूसरे दौर में हैं। हम उद्यमी भी स्वतंत्रता सेनानी हैं क्योंकि उद्यम से बड़ी कोई सेवा नहीं। उन्होंने कहा कि उद्यम है तो देश समृद्ध है और विकास है। आर्थिक समृद्धि से ही राष्ट्र खुशहाल होता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि देशहित में आर्थिक विकास के प्रयासों में योगदान दें।

पूर्व अध्यक्षों के.के. पालीवाल, शांति स्वरूप गोयल, सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल और अतुल कुमार गुप्ता ने भी राष्ट्रहित, सनातन उत्थान, स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग और विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में देशभक्ति गीत- देश की माटी चंदन है... गाकर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चैम्बर पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य और व्यापारी समुदाय के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor