'मेड इन इंडिया’ से सशक्त हो रहा भारत, भाजपा सम्मेलन में अरुण सिंह ने दिलाई स्वदेशी की शपथ

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य को आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाने का कार्य निरंतर जारी है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में व्यापारी, युवा और आम जनमानस स्थानीय उद्योगों से जुड़कर “आत्मनिर्भर भारत” के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

Nov 9, 2025 - 19:10
 0
'मेड इन इंडिया’ से सशक्त हो रहा भारत, भाजपा सम्मेलन में अरुण सिंह ने दिलाई स्वदेशी की शपथ
राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की शपथ दिलाते हुए ।

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य को आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाने का कार्य निरंतर जारी है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में व्यापारी, युवा और आम जनमानस स्थानीय उद्योगों से जुड़कर “आत्मनिर्भर भारत” के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

यह विचार उन्होंने भाजपा आगरा महानगर द्वारा मंगलम मैरिज हॉल, अवधपुरी में आयोजित ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ के अंतर्गत प्रोफेशनल सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि अरुण सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, अरुण पाराशर आदि ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। मुख्य अतिथि का स्वागत दुपट्टा पहनाकर एवं प्रभु श्रीराम का मोमेंटो भेंट कर किया गया। अन्य अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और दुपट्टा पहनाकर किया गया।

2014 से आम जन तक पहुंची खुशहाली — दुर्विजय शाक्य

क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य ने कहा कि 2014 में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आम आदमी के जीवन स्तर को ऊँचा उठाने के लिए ईमानदारी से कार्य किया है। उन्होंने कहा कि हर घर जल, गैस, आयुष्मान कार्ड, शौचालय निर्माण, ग्रामीण और शहरी आवास योजनाएं वंचित समाज के उत्थान में मील का पत्थर साबित हुई हैं।

उत्तर प्रदेश बन रहा उद्योग और निवेश का केंद्र — अरुण सिंह

मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था मजबूत, विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क, एक्सप्रेस-वे निर्माण और निवेश के अनुकूल माहौल ने उत्तर प्रदेश को देश का नया औद्योगिक हब बना दिया है। उन्होंने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट  योजना के माध्यम से व्यापारी, युवा और आमजन को स्थानीय उत्पादों से जोड़ा गया है। टेक्सटाइल पार्क, नई रेल परियोजनाएं, वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें, और महिला-युवा सशक्तिकरण के प्रयास राज्य को आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर कर रहे हैं। अरुण सिंह ने कहा कि भारत में ब्रह्मोस मिसाइल, हेलीकॉप्टर, सेमीकंडक्टर चिप, मेड इन इंडिया मोबाइल और कोविड वैक्सीन का निर्माण देश के मजबूत नेतृत्व और भारतीय वैज्ञानिकों-इंजीनियरों की प्रतिभा का प्रमाण है।

स्वदेशी अपनाने की शपथ

अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने सभी व्यापारियों और प्रबुद्ध नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और भारतीय मजदूरों व महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों के उपयोग की अपील की। राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने सभी उपस्थित लोगों को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

सम्मेलन में प्रमुख रूप से विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया, प्रमोद गुप्ता, निर्मला दीक्षित, हेमंत भोजवानी, संजय अरोरा, रोहित कत्याल, गौरव राजावत, निधि शर्मा, कुमकुम उपाध्याय आदि  उपस्थित रहे।