सुपर 4 में भारत ने पाक को छह विकेट से रौंद डाला
दुबई। एशिया कप के सुपर 4 में भी भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया है। अभिषेक शर्मा की तूफानी अर्धशतकीय पारी ने समां बांधा, जिन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में 74 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान ने इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए 171 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में भारतीय टीम ने सिर्फ 4 विकेट खोकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। ये सुपर-4 चरण में भारतीय टीम की पहली जीत है। उसका अभी बांग्लादेश और श्रीलंका के साथ मैच बाकी है।
साहिबजादा फरहान की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत पाकिस्तान टीम ने पहले खेलते हुए 171 रन बनाए थे। जवाब में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने भारत को तूफानी शुरुआत दिलाई। गिल और अभिषेक के तूफान की बदौलत भारतीय टीम ने पावरप्ले ओवरों में ही बिना विकेट गंवाए 69 रन बना डाले थे। नौवें ओवर में ही टीम इंडिया 100 का आंकड़ा पार कर चुकी थी।
पाकिस्तानी गेंदबाजों का जैसे तबला बन गया था, क्योंकि अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल दोनों छोर से चौके-छक्कों की बरसात कर रहे थे। 10वें ओवर में 47 रन के स्कोर पर शुभमन गिल को फहीम अशरफ ने क्लीन बोल्ड कर दिया। उनसे अगले ओवर में ही कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले ही आउट हो गए। 13वें ओवर में अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद भारतीय टीम का रन-रेट थोड़ा धीमा हो गया था। इस बीच संजू सैमसन 13 रन बनाकर आउट हो गए, उन्हें हारिस रउफ ने क्लीन बोल्ड किया।
अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा ने सूझबूझ भरी पारी खेली। उन्होंने 19 गेंद में 30 रन बनाए और चौका लगाकर टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित की।
इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2025 के सुपर-4 में भारतीय फील्डरों की गलतियों के बाद खूब रन बटोरे। उसने गन सेलिब्रेशन करने वाले साहिबजादा फरहान (58 रन) की हाफ सेंचुरी के दम पर भारत को 172 रनों का लक्ष्य दिया। उसने 5 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। बीच के ओवरों में विकेट गिरने के बाद पाकिस्तान दबाव में था, लेकिन शिवम दुबे ने 18वें ओवर में 17 रन के साथ कुल 4 ओवर में 33 रन खर्च कर डाले, जबकि वरुण चक्रवर्ती को कोई विकेट नहीं मिला। फील्डिंग में गलती करने वाले कुलदीप यादव ने 4 ओवर में 31 रन दिए, जबकि एक विकेट लिया, जबकि जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवरों में 45 रन दिए। उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। पारी का मोमेंट रहा मोहम्मद नवाज का सूर्या के थ्रो पर अजीब ढंग से आउट होना।
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उम्मीद के मुताबिक विपक्षी टीम के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। हालांकि, भारत को जिस शुरुआती की उम्मीद थी वो नहीं मिली और इसके पीछे उसकी खराब फील्डिंग बड़ी वजह रही। पहले ओवर की तीसरी गेंद पर साहिबजादा फरहान का कैच अभिषेक शर्मा ने थर्डमैन पर छोड़ा तो इसके बाद वरुण चक्रवर्ती की गेंद लॉन्ग ऑन पर कैच छोड़ने के साथ 6 रन भी दिए, जबकि कुलदीप यादव ने सैम अयूब का कैच वरुण चक्रवर्ती की ही गेंद पर छोड़ा।
खैर, पहले ओवर में भारत ने मौका गंवाया तो दूसरे ओवर में फखर जमां ने क्रीज से आगे निकलकर जसप्रीत बुमराह को निशाना बनाया और दो बैक टू बैक चौके जड़ दिए। हालांकि, तीसरे ओवर में हार्दिक पंड्या की गेंद पर संजू सैमसन ने कमाल की कीपिंग की और धरती खोदकर गेंद लपक लिया। इस तरह से फखर जमां की पारी 9 गेंदों में 3 चौके के साथ 15 रन पर खत्म हुई। साहिबजादा फरहान हालांकि जीवनदान का फायदा उठाते रहे और अपने शॉट्स से भारत को परेशान करते रहे। खासकर जसप्रीत बुमराह यहां थोड़ा महंगे साबित हुए।
34 गेंदों में हाफ सेंचुरी पूरी की तो अपनी हरकत से बाज नहीं आए और गन सेलिब्रेशन कर डाली। यहां सूर्या ने अपने एक्स फैक्टर शिवम दुबे को गेंद थमाई तो उन्होंने सैम अयूब को 32 रनों के निजी स्कोर पर चलता किया। दूसरी ओर, साहिबजादा भी बाबर आजम की तरह फिफ्टी के बाद स्लो पड़ गए। कुलदीप ने अपनी गलतियों से सबक लिया और हसनैन तलत को 10 रनों के निजी स्कोर पर वरुण चक्रवर्ती के हाथों लपकवा दिया। शिवम दुबे ने 15वें ओवर की पहली गेंद पर साहिबजादा फरहान का शिकार किया तो उनके नाम 45 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्के के दम पर 58 रन थे।
इसके बाद कुछ विकेट जरूर गिरे, लेकिन आखिरी के 3 ओवरों में 42 और 5 ओवरों में 52 रन बने। सलमान अली आगा ने 13 गेंदों में नाबाद 17 तो फहीम अशरफ ने 8 गेंदों में एक चौका और 2 छक्के के दम पर नाबाद 20 रन की पारी खेली। फहीम ने पारी की आखिरी गेंद पर हार्दिक को छक्का लगाया।