भारत अपनी शर्तों पर सीजफायर को राजी
नई दिल्ली। आपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना की ओर से की जा रही कार्रवाई से घबराए पाकिस्तान ने भारत संग शांति-सुलह कराने के लिए दुनियाभर के देशों से गुहार लगाई थी। इसके बाज भारत ने सीजफायर के लिए कुछ शर्तें रखीं और अपनी शर्तों पर इसके लिए राजी हो गए। भारत ने साफ कर दिया कि यदि भविष्य में किसी भी तरह की आतंकी घटना हुई तो यह सीजफायर मान्य नहीं होगा। किसी भी आतंकी घटना को भविष्य में युद्ध माना जाएगा।
आतंक की किसी भी घटना को युद्ध ही माना जाएगा
भारत-पाक डीजीएमओ में युद्ध विराम पर की बातचीत
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर होने का दावा किया। भारत सरकार की ओर से भी इसकी पुष्टि कर दी गई है। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि पाकिस्तान के डीजीएमओ ने आज दोपहर 3:35 बजे भारत के डीजीएमओ से बात की। 12 मई को दोपहर 12 बजे दोनों देशों के डीजीएमओ दोबारा बात करेंगे।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार की ओर से एक्स पर पोस्ट करके बताया गया है कि पाकिस्तान और भारत ने तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम पर सहमति जताई है। हालांकि उन्होंने भारत पर किए गए नाकाम हमलों की कोशिशों पर माफी नहीं मांगी। उन्होंने आगे दावा करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ट्वीट किया, "पिछले 48 घंटों में वीपी वेंस और मैंने वरिष्ठ भारतीय और पाकिस्तानी अधिकारियों से बातचीत की है, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शहबाज शरीफ, विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर, सेना प्रमुख असीम मुनीर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और असीम मलिक शामिल हैं। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान की सरकारें तत्काल युद्ध विराम और तटस्थ स्थल पर व्यापक मुद्दों पर बातचीत शुरू करने पर सहमत हो गई हैं। हम शांति का मार्ग चुनने में प्रधानमंत्री मोदी और शरीफ की बुद्धिमत्ता, विवेक और राजनीतिक कौशल की सराहना करते हैं।"
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, "रातभर चली मध्यस्थता के बाद मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं।" इसके अलावा पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने इसकी पुष्टि की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान सीजफायर के लिए तैयार हो गए हैं. उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें इस बात की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है।
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी केंद्रों पर भारत के हमलों में इन संगठनों के पांच सर्वाधिक वांछित आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया, जिनमें 1999 में आईसी-814 अपहरण का मास्टरमाइंड भी शामिल है।