दुबई से लौट आए ट्राफी के साथ भारतीय चैम्पियन

मुंबई। भारतीय टीम दुबई में तिरंगा लहराने के बाद अपने देश वापस लौट आई है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया था। खबर है कि भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ी दुबई से सीधे मुंबई पहुंचे हैं।

Mar 10, 2025 - 21:13
 0
दुबई से लौट आए ट्राफी के साथ भारतीय चैम्पियन

यह फ्लाइट कुछ देर पहले ही मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड हुई है। कप्तान रोहित शर्मा परिवार सहित मुंबई एयरपोर्ट पर देखे गए हैं और उन्हें देखने के लिए एयरपोर्ट पर फैंस की भीड़ भी उमड़ी।

भारतीय टीम एमीरेट्स  के विमान संख्या ईके 508 से यात्रा कर मुंबई में लैंड हुई है। आज देर रात सभी खिलाड़ियों के अपने-अपने शहर वापस लौटने की खबर है। मुंबई एयरपोर्ट पर कप्तान रोहित शर्मा के अलावा श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को भी देखा गया है। कुछ तस्वीरें सामने आई हैं कि रोहित शर्मा अपनी लग्जरी गाड़ी, रेंज रोवर में बैठकर एयरपोर्ट से बाहर चले गए हैं।

दूसरी ओर दिल्ली एयरपोर्ट पर भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर के साथ तेज गेंदबाज हर्षित राणा को भी देखा गया है। उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और गाड़ी में बैठकर एयरपोर्ट से बाहर चले गए। कोच गौतम गंभीर को लग्जरी कार ब्रांड लेक्सस की गाड़ी में एयरपोर्ट से रवाना होते देखा गया।