संतोष ट्रॉफी के खिलाड़ियों पर भारतीय फुटबॉल संघ के चयनकर्ताओं की पैनी नजर
आगरा। 79वीं राष्ट्रीय संतोष ट्रॉफी फुटबॉल चैंपियनशिप के दौरान ताजनगरी में खेल प्रतिभाओं की परख भी की जा रही है। शारदा विश्वविद्यालय के श्री आनंद स्वरूप स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे मुकाबलों में भारतीय फुटबॉल संघ के चयनकर्ता (स्काउट) खिलाड़ियों पर गहरी नजर बनाए हुए हैं, ताकि राष्ट्रीय टीम के लिए उभरती प्रतिभाओं को चुना जा सके।
आगरा में आयोजित 79वीं राष्ट्रीय संतोष ट्रॉफी फुटबॉल चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के चयन के उद्देश्य से भारतीय फुटबॉल संघ के चयनकर्ता मुश्ताक अली भी विशेष रूप से आगरा आए हुए हैं। पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुके मुश्ताक अली मैचों के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन, फिटनेस और तकनीकी कौशल का बारीकी से अवलोकन कर रहे हैं, ताकि भविष्य में भारतीय फुटबॉल टीम के लिए उपयुक्त खिलाड़ियों का चयन किया जा सके।
पहले दिन दो मुकाबले खेले जाने के बाद दूसरे दिन अवकाश रहा। इस दौरान चारों टीमों के खिलाड़ियों ने अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया और साथ ही विश्राम भी किया। वहीं उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के महासचिव मो. शाहिद ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ठंड के मौसम को देखते हुए गीजर समेत आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
ताजनगरी आगरा में संतोष ट्रॉफी का आयोजन पहली बार हो रहा है, जो शहर के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। हालांकि आयोजन स्थल शहर से दूर होने के कारण अपेक्षित संख्या में दर्शक नहीं पहुंच पा रहे हैं। यदि यह प्रतियोगिता शहर के भीतर आयोजित होती, तो बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी—बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, इस राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट का आनंद ले सकते थे।
23 दिसंबर को दो अहम मुकाबले
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 दिसंबर को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच उत्तराखंड बनाम हरियाणा सुबह 10 बजे से होगा, जबकि दूसरा मुकाबला उत्तर प्रदेश बनाम चंडीगढ़ दोपहर 2:30 बजे से खेला जाएगा।
24 दिसंबर को अवकाश रहेगा। इसके बाद 25 दिसंबर को उत्तराखंड बनाम उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ बनाम हरियाणा के मुकाबले होंगे। ग्रुप बी की विजेता टीम फाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई करेगी।
हालांकि भारतीय फुटबॉल संघ के कुछ पदाधिकारी लौट चुके हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के पदाधिकारी आयोजन स्थल पर डटे हुए हैं। आयोजन सचिव बिल्लू चौहान, शारदा ग्रुप के हिंदुस्तान कॉलेज के स्पोर्ट्स डायरेक्टर डॉ. राजेश कहरवार, संयुक्त सचिव भूपेंद्र सिंह, कानपुर से अजीत सिंह, सुल्तानपुर से एम.एस. बेग, गाजीपुर से मिराज, मिर्जापुर से आरिफ निज़मी, आगरा फुटबॉल अकादमी के सचिव आदित्य सिंह चौहान, फुटबॉल कोच योगेश वर्मा सहित विभिन्न जिलों के फुटबॉल संघों के पदाधिकारी लगातार व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।