भारतीय नौसेना ने ग्रीस के साथ किया युद्धभ्यास, तुर्की को टेंशन

भारतीय नौसेना और ग्रीस की नौसेना ने भूमध्य सागर में संयुक्त अभ्यास किया है। इस दौरान दोनों देशों की नौसेनाओं ने परडुब्बी रोधी अभ्यास को अंजाम दिया है। इससे पाकिस्तान के दोस्त तुर्की की टेंशन बढ़ सकती है। तुर्की की अपने पड़ोसी देश ग्रीस के साथ पुरानी दुश्मनी है। दोनों देश कई बार आमने-सामने भी आ चुके हैं।

Sep 24, 2025 - 20:46
 0
भारतीय नौसेना ने ग्रीस के साथ किया युद्धभ्यास, तुर्की को टेंशन


 


एथेंस। भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस त्रिकंद ने ग्रीस का दौरा किया है। इस दौरान त्रिकंद ने यूनानी नौसेना के साथ पनडुब्बी रोधी युद्धाभ्यास भी किया है। इस युद्धाभ्यास को पाकिस्तान के दोस्त तुर्की के लिए टेंशन की बात माना जा रहा है। तुर्की का ग्रीस के साथ द्वीपों को लेकर पुराना विवाद है। दोनों देश कई बार आमने-सामने भी आ चुके हैं। तुर्की ने भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान खुलकर पाकिस्तान का साथ दिया था। इतना ही नहीं, तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर का मुद्दा भी उठाते रहे हैं।

भारतीय नौसैनिक युद्धपोत आईएनएस त्रिकंद के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन सचिन कुलकर्णी ने बताया कि भारतीय नौसेना और यूनानी नौसेना (ग्रीस नौसेना) ने अंतर-संचालन क्षमता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करते हुए पनडुब्बी रोधी अभ्यास में भाग लिया है। इस युद्धाभ्यास का आयोजन 13-18 सितंबर को किया गया। यह अभ्यास भारत-ग्रीस रणनीतिक संबंधों अंतर्गत आयोजित किया गया है।  
 
भारत और ग्रीस नौसैनिक सहयोग को और मजबूत कर रहे हैं। पिछले साल, भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने ग्रीस का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने अपने यूनानी समकक्ष वाइस एडमिरल दिमित्रियोस ई कटारस और रक्षा उप मंत्री इयोनिस केफालोगियानिस से मुलाकात की थी। अगस्त 2025 में भारतीय नौसेना केआईएनएस तमाल ने सौदा की खाड़ी का दौरा किया था और यूनानी नौसेना के साथ संयुक्त चर्चाओं और परिचालन गतिविधियों में भाग लिया।

भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस त्रिकंद इससे पहले ब्राइट स्टार 2025 अभ्यास में भाग लेने के लिए मिस्र गया था। ब्राइट स्टार अभ्यास संयुक्त राज्य अमेरिका की मध्य कमान और मिस्र की सशस्त्र सेनाओं द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित एक दीर्घकालिक बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास है। यह मध्य पूर्व के सबसे बड़े और सबसे पुराने संयुक्त सैन्य अभ्यासों में से एक है।