अमेरिका में भारतीय मूल के शख्स की बेरहमी से हत्या
सीसीटीवी फुटेज में 37 वर्षीय कोबोस-मार्टिनेज को एक बड़ा चाकू निकालते और नागमल्लैया पर हमला करते हुए देखा गया है। कर्नाटक मूल के नागमल्लैया का उनकी पत्नी और बेटे के सामने सिर काट दिया गया।
वॉशिंगटन। अमेरिका के टेक्सास राज्य में एक भारतीय मूल की व्यक्ति की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि एक मोटल में 50 वर्षीय चंद्रमौली नागमल्लैया की सिर काटकर हत्या कर दी गई। इस वीभत्स हत्याकांड को उसकी पत्नी और बेटे के सामने अंजाम दिया गया। हमला 10 सितम्बर को डलास के टेनिसन गोल्फ कोर्स के पास स्थित डाउनटाउन सुइट्सड मोटल में हुआ, जहां वॉशिंग मशीन को लेकर हुए विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। घटना के बाद संदिग्ध को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।
डलास पुलिस विभाग के अनुसार, घटना तब हुई जब मूल रूप से कर्नाटक निवासी चंद्र मौली नागमल्लैया ने कोबोस-मार्टिनेज और एक महिला सहकर्मी से खराब वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल न करने को कहा। मार्टिनेज इस बात पर आगबबूला हो गया कि नागमल्लैया ने उससे सीधे बात करने के बजाय महिला सहकर्मी से उसके निर्देशों का अनुवाद करने को कहा।
सीसीटीवी फुटेज में 37 वर्षीय कोबोस-मार्टिनेज को एक बड़ा चाकू निकालते और नागमल्लैया पर हमला करते हुए देखा गया है। इसके बाद पीड़ित होटल कार्यालय की ओर भागा, जहां उसकी पत्नी और 18 वर्षीय बेटा मौजूद थे, लेकिन संदिग्ध ने उनका पीछा किया और नागमल्लैया को उनकी पत्नी और बेटे द्वारा बचाए जाने के प्रयासों के बावजूद फिर हमला किया। घटना का एक भयावह वीडियो सामने आया है जिसमें आरोपी कटे हुए सिर को पैर से ठोकर मारता है और फिर उठाकर कूड़ेदान में डाल देता है।
कोबोस-मार्टिन का ह्यूस्टन में पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें वाहन चोरी और हमले के लिए गिरफ़्तारियां शामिल हैं। अगर वह दोषी पाया जाता है तो उसे बिना पैरोल के उम्रकैद या मौत की सजा सुनायी जा सकती है। दोस्तों और परिवार के बीच बॉब के नाम से मशहूर नागमल्लैया को उनके प्रियजनों ने श्रद्धांजलि दी। उनके मित्रों ने कहा, ‘‘यह अकल्पनीय त्रासदी है और बेहद दर्दनाक घटना है।’’ नागमल्लैया के मित्र, परिवार और स्थानीय भारतीय पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।