मॉस्को में गूंजा भारत का स्वर, सांसद राजकुमार चाहर ने एशियाई संसदीय सभा में किया देश का प्रतिनिधित्व

आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजकुमार चाहर ने रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित प्रतिष्ठित एशियाई संसदीय सभा (एशियन पार्लियामेंट्री असेंबली– एपीए ) में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का मान बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बिरादरी को संबोधित करते हुए भारत की सभ्यता, संस्कृति, लोकतंत्र और आध्यात्मिक विरासत का गौरवपूर्ण स्वर विश्व मंच पर गुंजाया।

Nov 2, 2025 - 21:27
 0
मॉस्को में गूंजा भारत का स्वर, सांसद राजकुमार चाहर ने एशियाई संसदीय सभा में किया देश का प्रतिनिधित्व
सांसद राजकुमार चाहर ने रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित प्रतिष्ठित एशियाई संसदीय सभा को संबोधित करते हुए।

आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजकुमार चाहर ने रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित प्रतिष्ठित एशियाई संसदीय सभा (एशियन पार्लियामेंट्री असेंबली– एपीए ) में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का मान बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बिरादरी को संबोधित करते हुए भारत की सभ्यता, संस्कृति, लोकतंत्र और आध्यात्मिक विरासत का गौरवपूर्ण स्वर विश्व मंच पर गुंजाया।

इस अंतरराष्ट्रीय सभा में रूस, ईरान, तुर्की, चीन, श्रीलंका, नेपाल, थाईलैंड, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, बहरीन, यूएई, जॉर्डन, मंगोलिया सहित दर्जनों देशों के सांसदों, प्रतिनिधियों और राजनयिकों ने भाग लिया।

अपने प्रभावशाली संबोधन में सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि भारत आज आर्थिक, तकनीकी और वैज्ञानिक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, वहीं हमारी संस्कृति, परंपरा और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना पूरी मानवता को जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व शांति, सतत विकास और मानव कल्याण के लिए अभूतपूर्व कार्य कर रहा है।

सांसद ने भारत की सांस्कृतिक एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और विश्व बंधुत्व के संदेश को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि योग, आयुर्वेद, आध्यात्मिकता, शिक्षा और संस्कृति में भारत की सॉफ्ट पावर पूरी दुनिया को प्रेरित कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद चाहर ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर व्यापार, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय भूमिका प्रधानमंत्री मोदी की “एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य” की सोच का साकार रूप है।

सभा के समापन पर सांसद चाहर ने भारत की ओर से संदेश दिया कि “भारत विश्व के साथ मिलकर शांति, स्थिरता और समृद्धि की दिशा में अग्रसर है। हम एशिया को सहयोग, विकास और सांस्कृतिक एकता का केंद्र बनाना चाहते हैं।”

इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना सांसद राजकुमार चाहर के लिए एक गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक अनुभव रहा। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने भारत की भूमिका की सराहना करते हुए भारत के साथ सहयोग को और प्रगाढ़ करने की इच्छा जताई।