बरेली में भड़काऊ पोस्ट और धमकी भरा वीडियो वायरल, पुलिस ने दो मामलों में दर्ज की रिपोर्ट
-आरके सिंह- बरेली। बरेली शहर में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने माहौल को गरमा दिया। पहली घटना किला थाना क्षेत्र की है, जहां ‘आई लव मुहम्मद’ लिखे पोस्टर हटाने के दौरान विवाद बढ़ गया। इस दौरान इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) नेता डॉ. नफीस का विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वे थाना प्रभारी को खुलेआम धमकी देते नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरी घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र की है, जहां इंस्टाग्राम पर भड़काऊ पोस्ट डालकर धार्मिक भावनाएं भड़काने का प्रयास किया गया।
किला थाना प्रभारी सुभाष कुमार पुलिस टीम के साथ इलाके से ‘आई लव मुहम्मद’ लिखे पोस्टर हटाने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया और पुलिस से कहासुनी होने लगी। इसी दौरान आईएमसी नेता डॉ. नफीस भी मौके पर पहुंचे। वायरल वीडियो में वह इंस्पेक्टर को धमकाते हुए कहते दिख रहे हैं- ‘मैंने इंस्पेक्टर से कह दिया कि हाथ काट लूंगा… वर्दी उतरवा दूंगा।‘
घटना के बाद बरेली के एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की गई है और डॉ. नफीस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
इसी बीच प्रेमनगर थाना क्षेत्र में भी तनाव बढ़ाने की कोशिश की गई। सुर्खा चौधरी तालाब निवासी सलीम रजा ने पुलिस को तहरीर दी कि उनके बेटे रिहान घोसी की इंस्टाग्राम आईडी पर श्यामपाल नामक व्यक्ति ने आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट भेजी। आरोप है कि 21 सितम्बर को उसने फोन कर गाली-गलौज भी की और समाज में नफरत फैलाने का प्रयास किया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर धार्मिक उकसावे की हरकतें करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।