जख्मी महिला की मदद के बदले पिटाईः आगरा के पिनाहट क्षेत्र में इंसानियत दिखाने पर युवकों पर हमला
आगरा। सड़क पर गिरी एक महिला की मदद करना दो युवकों को उस समय भारी पड़ गया, जब शक के आधार पर महिला के साथियों ने उन्हीं पर हमला बोल दिया। मानवता के नाते मदद करने पहुंचे युवकों की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे वे घायल हो गए। मामला थाना पिनाहट क्षेत्र के भदरौली मार्ग का है, जहां एक मामूली सड़क हादसा हिंसक विवाद में बदल गया।
जानकारी के अनुसार भदरौली मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण एक अनियंत्रित बाइक से महिला अचानक गिर गई। उसी समय पीछे से आ रहे अर्जुनपुरा निवासी अभिषेक और अंकित ने तत्काल अपनी बाइक रोकी और घायल महिला को उठाने के लिए आगे बढ़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही दोनों युवक महिला की मदद करने लगे, महिला के साथ चल रहे लोगों ने उन पर हमला कर दिया। युवकों ने बार-बार समझाने की कोशिश की कि वे केवल मदद कर रहे हैं, लेकिन हमलावरों ने उनकी एक न सुनी और मारपीट शुरू कर दी।
हैरानी की बात यह रही कि हमलावर यहीं नहीं रुके, बल्कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी युवकों के साथ मारपीट की गई। इस घटना में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करानी पड़ी।
पीड़ित अभिषेक और अंकित ने थाना पिनाहट पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही है।