बरेली में एंटी पावर थैफ्ट थाना प्रभारी निरीक्षक पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। जिले में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी पावर थैफ्ट थाना बरेली के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार यादव को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता से जमानत प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांगने की पुष्टि के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।

Dec 2, 2025 - 19:07
 0
बरेली में एंटी पावर थैफ्ट थाना प्रभारी निरीक्षक पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
रिश्वतखोरी में गिरफ्तार एंटी पावर थैप्ट थाना प्रभारी अरुण कुमार यादव।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई शिकायतकर्ता सुभाष शर्मा, निवासी ग्राम आलमपुर जाफराबाद, थाना भमोरा, की शिकायत पर की गई।
सुभाष ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ दर्ज विद्युत अधिनियम की धारा 138 बी के मुकदमे में उनकी और उनके पिता की जमानत प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में निरीक्षक अरुण कुमार यादव द्वारा 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत को गंभीर मानते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने तुरंत ट्रैप की योजना बनाई। प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने तय समय और स्थान पर पूरी रणनीति के साथ जाल बिछाया। मंगलवार दोपहर 12:25 बजे, टीम एंटी पावर थैफ्ट थाना बरेली के प्रभारी निरीक्षक कक्ष में पहुंची। जैसे ही आरोपी निरीक्षक ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, उसी क्षण टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी निरीक्षक के पास से 5,000 रुपये की रिश्वत राशि बरामद कर ली गई। टीम ने मौके पर सभी जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद ट्रैप टीम के प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह मामला थाना कोतवाली में पंजीकृत किया जा रहा है।

पूरे ऑपरेशन को भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने अत्यंत पेशेवर, गोपनीय और पारदर्शी तरीके से अंजाम दिया, जिससे आरोपी को बचने का कोई मौका नहीं मिला।

SP_Singh AURGURU Editor