इंस्टाग्राम दोस्ती बनी खतरा, अश्लील वीडियो वायरल कर दहशत फैलाने वाला युवक फरार, साइबर पुलिस जुटी तलाश में
आगरा। सोशल मीडिया पर दोस्ती करना एक विवाहित महिला के लिए दर्दनाक अनुभव बन गया। इंस्टाग्राम पर बने रिश्ते ने तब भयावह रूप ले लिया जब एक युवक ने महिला की अश्लील वीडियो न सिर्फ उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड कर दी, बल्कि उसके पति को फोन कर गोली मारने की धमकी भी दे डाली। मामला साइबर क्राइम थाना तक पहुंच गया है और पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर धमकियों का सिलसिला
पीड़िता के अनुसार इंस्टाग्राम पर खुद को भूपेन्द्र सिंह गुर्जर बताने वाले युवक ने उससे बातचीत शुरू की। उसने खुद को ग्वालियर के दीनदयाल नगर का रहने वाला और ‘यूट्यूब फेमस’ बताते हुए सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। धीरे-धीरे वह लगातार मैसेज कर दबाव बनाने लगा और महिला को मानसिक रूप से परेशान करता रहा।
चैटिंग बंद की तो अपलोड कर दी अश्लील वीडियो
जब महिला ने उससे दूरी बनानी चाही और चैटिंग बंद कर दी, तो आरोपी ने बदला लेने की नीयत से महिला की अश्लील वीडियो उसकी अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड कर दी। वीडियो कुछ ही मिनट में कई लोगों तक पहुँच गई, जिससे महिला दहशत में आ गई और उसका मानसिक संतुलन प्रभावित होने लगा।
पति को भी दी गोली मारने की धमकी
वीडियो वायरल होने के बाद जब महिला के पति ने आरोपी से बात करने की कोशिश की, तो भूपेन्द्र सिंह ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। गाली-गलौज करते हुए उसने कहा कि दोनों को गोली मार देगा। धमकी की पूरी रिकॉर्डिंग पीड़िता द्वारा सुरक्षित कर पुलिस को सौंप दी गई है।
साइबर पुलिस ने शुरू की तकनीकी जांच
महिला की शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाने ने मामले की जांच तेज कर दी है। टीम आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट, फोन नंबर और अन्य डिजिटल लोकेशन को ट्रेस कर रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।