बिचपुरी के प्राचीन मंदिर में नर्मदेश्वर महादेव की मूर्तियों की स्थापना, श्रद्धा और भक्ति से गूंजा परिसर
आगरा। बिचपुरी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सोमवार को नर्मदेश्वर महादेव के शिवलिंग और नंदी प्रतिमा की विधिवत स्थापना वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई। प्रतिष्ठा कार्यक्रम में अयोध्या के बाबा सूरजदास (नागा अध्यक्ष) के सानिध्य में उज्जैन से पधारे आचार्य ब्राह्मणों ने संपूर्ण शिव प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न कराया।
पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और दिव्यता का वातावरण बना रहा। इस शुभ अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने विधिविधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे में खिचड़ी, पूरी-सब्ज़ी, हलवा, रायता सहित अनेक स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। श्रद्धालुओं ने इसे भक्ति का पर्व बताया।
फौजी पुष्पेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष श्रद्धालुओं की आस्था के प्रतीक के रूप में किया जाता है और यह परंपरा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
इस अवसर पर गोविंदा चौधरी, मुनेंद्र परमार, बिचपुरी चौकी प्रभारी भानु प्रताप सिंह परमार, ओमवीर, कपिल कुमार गंधार सहित अनेक स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।