सुधरने के बजाय और बिगड़ गया: बाल सुधार गृह से छूटने के तीसरे दिन ही बंदूक और जेवर चुरा डाले
आगरा में बाइक चोरी के मामले में हाल ही में बाल सुधार गृह से रिहा हुआ किशोर तीसरे दिन ही चोरी करते पकड़ा गया। बरहन के खांडा गांव में एक घर से लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक और जेवरात इसी किशोर अपराधी ने चुराए थे। सीसीटीवी फुटेज से पहचान होने पर पुलिस ने उसे तीन दिन में पकड़कर सारा माल बरामद किया और दोबारा बाल सुधार गृह भेज दिया।
आगरा। आगरा में एक किशोर अपराधी के कारनामों ने पुलिस और ग्रामीणों को हैरान कर दिया। बाइक चोरी के मामले में बाल सुधार गृह से रिहा हुआ यह किशोर महज तीसरे दिन ही चोरी की वारदात में पकड़ा गया। इसी किशोर अपराधी ने बरहन थाना क्षेत्र के खांडा गांव में एक घर में घुसकर लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक और कीमती जेवरात चुराए थे। पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद ही उसे दबोच लिया और चोरी का सारा माल बरामद कर लिया।
दिवारी लाल के घर से उड़ाए गहने और बंदूक
पुलिस के अनुसार, शनिवार को खांडा गांव निवासी दिवारी लाल के घर से चोरी हुई। चोर ने घर में रखी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक, दो हार, दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी कुंडल, एक झुमकी और एक डिजिटल घड़ी चुरा ली। इस चोरी ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी।
सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में आरोपी बंदूक ले जाते हुए स्पष्ट दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पहचान हुई तो सामने आया कि यह वही किशोर है, जो तीन दिन पहले ही बाइक चोरी के मामले में बाल सुधार गृह से रिहा हुआ था।
पुलिस ने दबोचकर बरामद किया माल
थानाध्यक्ष गुरविंदर सिंह के अनुसार, पीड़ित के बेटे अजय कुमार ने रविवार शाम को चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया।
आरोपी किशोर को किशोर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दोबारा बाल सुधार गृह भेज दिया गया।