रचनात्मकता से जीवन में भरें आत्मविश्वास: ‘एक पहल पाठशाला’ में युवा लेखिका नव्या ने छात्रों को दी प्रेरणा
आगरा। दयालबाग स्थित एक पहल पाठशाला में मंगलवार को ‘एक पहल बीआर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी’ की ओर से वरिष्ठ छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक फायर चैट सत्र आयोजित किया गया। सत्र में युवा लेखिका नव्या वशिष्ठ ने विद्यार्थियों को रचनात्मकता, आत्म-अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास का संदेश दिया।
हाल ही में अपनी पहली पुस्तक ‘उलझन’ प्रकाशित करने वाली नव्या वशिष्ठ ने कहा कि लेखन केवल शब्दों का खेल नहीं, बल्कि अपने विचारों को जीने और दुनिया के सामने रखने का माध्यम है। उन्होंने छात्रों से कहा- हर व्यक्ति के भीतर एक कहानी होती है, बस उसे पहचानने और व्यक्त करने का साहस चाहिए।
संस्था के संस्थापक मनीष राय ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों को अपनी छिपी प्रतिभा पहचानने और आत्मविश्वास विकसित करने की प्रेरणा देते हैं। संवाद सत्र में विद्यार्थियों ने लेखन, अध्ययन पद्धति और आत्मविकास से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका नव्या ने सहज और प्रेरक उत्तर दिया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से नव्या वशिष्ठ को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। संचालन संस्था की अध्यक्ष डॉ. ईभा गर्ग ने किया। इस अवसर पर मनीष राय, अंकित खंडेलवाल, बरखा राय, आश्लेष मित्तल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।