दूसरे अमेरिकी एफ -35 को मार गिराने का ईरान का दावा, पायलट को बनाया बंधक
ईरान ने अमेरिका के पांचवीं पीढ़ी के दूसरे स्टील्थ एफ-35 फाइटर जेट को मार गिराने का दावा किया है। ईरान की ओर से यह भी दावा किया गया है कि इस जेट के पायलट को भी बंधक बना लिया गया है।
तेहरान। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच लगातार जारी संघर्ष भयावह रूप लेता जा रहा है। इस बीच ईरान ने शुक्रवार (3 अप्रैल, 2026) को अमेरिका के दूसरे पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ एफ-35 फाइटर जेट को मार गिराने का दावा किया है। इसके साथ-साथ यह भी कहा जा रहा है कि ईरान ने अमेरिकी एफ-35 लड़ाकू विमान को मार गिराने के बाद उसके पायलट को भी पकड़ लिया है।
ईरान के सरकारी और अर्ध-सरकारी न्यूज चैनलों ने अधिकारियों के हवाले से कहा है कि पायलट के जिंदा बचने की संभावना कम है, जबकि कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि एफ-35 लड़ाकू विमान के पायलट को जिंदा पकड़ लिया गया है। हालांकि, अभी तक अमेरिका की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ईरान की तस्लीम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘ईरान ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने आज शुक्रवार (3 अप्रैल, 2026) को पहले अमेरिका के एक एडवांस लड़ाकू विमान को मार गिराया है। पायलट पर हमले के बाद पायलट ने इजेक्ट किया और देश की सीमा के अंदर ही उतरा है।
वहीं, मेहर न्यूज एजेंसी ने रिपोर्ट किया, ‘अमेरिका यह मान रहा है उसका पायलट जिंदा हो सकता है और वह उसे ईरान की सीमा से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कुछ सूत्रों का कहना है कि हो सकता है कि पायलट को ईरानी फोर्स ने पकड़ लिया है।’
ईरान की प्रेस टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, आईआऱजीसी के सेंट्रल मिलिट्री हेडक्वार्टर खातम अल-अनबिया के प्रवक्ता ने कहा, ‘आईआऱजीसी के एयरोस्पेस फोर्स ने नए एयर डिफेंस सिस्टम के जरिए अमेरिका के एक और पांचवीं पीढ़ी के एफ-35 स्टील्थ लड़ाकू विमान को मार गिराया है। हमले के दौरान हुए धमाके को देखते हुए पायलट के इजेक्ट होने की संभावना बहुत कम है।’
इस घटना से पहले भी ईरान ने पिछले महीने 19 मार्च, 2026 को दावा किया था कि वह दुनिया के पहला देश बन गया है, जिसने अमेरिका के एफ-35 लाइटनिंग II को मार गिराया है। यह अमेरिका के सबसे महंगे विमानों में से एक है और उसकी पांचवीं पीढ़ी की युद्ध क्षमता का मुख्य आधार है।
वहीं, इस घटना के बाद भारत के मुबंई में स्थित ईरान के वाणिज्यिक दूतावास ने शुक्रवार (3 अप्रैल, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में ईरानी दूतावास ने एक विमान को मार गिराने का वीडियो साझा किया. इसके साथ एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें अमेरिकी एयर फोर्स से संबंधित निशान बने हुए थे।
ईरानी वाणिज्यिक दूतावास ने पोस्ट में लिखा, ‘हमारे स्वदेशी डिफेंस सिस्टम्स ने दुश्मन के एक और एफ-35 लड़ाकू विमान को मार गिराया। ईरान एक ताकत है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.’
दरअसल, ईरान की ओर से यह हमला अमेरिकी सेना की उस कार्रवाई के बाद हुआ है, जिसके बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की सेना ने ईरान के सबसे बड़े पुल को अपना निशाना बनाया है।