युद्धविराम के बाद ईरान, इराक ने एयरस्पेश खोले, इदरायल ने प्रतिबंध हटाए
तेल अवीव/तेहरान/वाशिंगटन। ईरान के साथ सीजफायर लागू होने के बाद इजरायल डिफेंस फोर्स ने सभी तरह की सार्वजनिक जगहों, स्कूल और ऑफिसों से प्रतिबंध हटा लिए हैं। उधर सीजफायर के बाद ईरान और इराक ने अपने एयरस्पेस को फिर से खोल दिया है। फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट 24 के मुताबिक, अब इजाजत के साथ तेहरान से आने-जाने की अनुमति है।
ईरान ने कतर में मौजूद अमेरिकी एयरबेस अल उदैद पर मिसाइलें दागीं थी, जिसके बाद खाड़ी देशों ने इस हमले की निंदा की। अब इसको लेकर गल्फ कॉपरेशन काउंसिल की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई गई है, जिसमें शामिल होने के लिए सऊदी अरब के विदेश मंत्री कतर की राजधानी दोहा पहुंच चुके हैं।
ईरान की परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान अब कभी न्यूक्लियर वेपन नहीं बना पाएगा। ईरान की परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने कहा है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम बिना किसी रुकावट के फिर से शुरू होगा और हम यूरेनियम संवर्धन को फिर से शुरू करने के लिए तैयार हैं। हमारा कार्यक्रम नहीं रुकेगा।
इजरायल से सीजफायर के बीच ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान सीजफायर नहीं तोड़ेगा, लेकिन इजरायल ने सीजफायर तोड़ा तो मुंहतोड़ जवाब देंगे।
इस बीच अमेरिका ने मिडिल ईस्ट के कई देशों से अपने नागरिकों को निकलने के लिए कहा है। अमेरिका ने लेबनान, सीरिया, कतर, जॉर्डन समेत कई देशों में अपने दूतावासों के जरिए एडवाइजरी जारी की है।
अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग की ओर से एक राष्ट्रीय बुलेटिन जारी किया गया, जिसमें ईरानी परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हमलों के बाद संभावित साइबर हमलों और हिंसा की आशंका जताई गई है। इसमें यहूदी विरोधी घृणा अपराध भी शामिल है। बुलेटिन में कहा गया है कि पूरे गर्मियों के दौरान पूरे अमेरिका में खतरे का माहौल बने रहने की उम्मीद है।