इजरायल का पलटवार, हिजबुल्लाह के गढ़ बेरूत में कमांड सेंटर को किया तबाह, नेतन्याहू बोले- 'हिसाब बराबर'

अमेरिका की मध्यस्थता से इजरायल और लेबनान के बीच 16 अप्रैल को युद्धविराम लागू हुआ था। इस नाजुक सीजफायर के बाद बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर यह पहला इजरायली हमला है।

Jun 7, 2026 - 21:08
 0
इजरायल का पलटवार, हिजबुल्लाह के गढ़ बेरूत में कमांड सेंटर को किया तबाह, नेतन्याहू बोले- 'हिसाब बराबर'

यरुशलम। इजरायल और लेबनान के मध्य जारी संघर्ष और तनाव के बीच रविवार (7 जून, 2026) को एक नया घटनाक्रम सामने आया। इजरायली सेना ने रविवार (7 जून, 2026) को लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में स्थित आतंकी ठिकानों पर हमले को अंजाम दिया है। जिस इलाके में इजरायली सेना ने हमला किया है, वो हिजबुल्लाह का गढ़ माना जाता है और दहियेह के नाम से जाना जाता है। हालांकि, अमेरिका की मध्यस्थता से 16 अप्रैल को हुए युद्धविराम के बाद बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर यह पहला हमला है।

इस हमले को लेकर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने एक संयुक्त बयान में कहा कि यह हमला उत्तरी इजरायल में हिजबुल्लाह की तरफ से की गई गोलीबारी के जवाब में किया गया है। हालांकि, ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब अमेरिका की मध्यस्थता से इजरायल और लेबनान के बीच हुआ नाजुक युद्धविराम कुछ ही दिनों पहले लागू हुआ था।

वहीं, इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस संबंध में एक आधिकारिक बयान भी जारी किया है। इजरायली पीएमओ ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नेतन्याहू और रक्षा मंत्री काट्ज के निर्देशों के अनुसार इजरायली रक्षा बलों ने बेरूत के दहियेह इलाके में स्थित एक मिलिटेंट कमांड सेंटर पर हमला किया है। यह कार्रवाई इजरायली क्षेत्र की ओर हिजबुल्लाह की गोलीबारी के जवाब में की गई है।’ 

इजरायल की तरफ से लेबनान में ये हमले ऐसे समय में हुए जब कुछ ही दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नेतन्याहू को बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमला न करने की चेतावनी दी थी। लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इजरायली हमलों में बेरूत के दक्षिणी उपनगरों की दो इमारतों में स्थित दो अपार्टमेंटों को निशाना बनाया गया।

फ्रांस 24 की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली हमले के चश्मदीदों ने बताया कि कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दी और हिजबुल्लाह के प्रभाव वाले दहियेह इलाके में एक बहुमंजिला इमारत को निशाना बनाया गया।