एमजी रोड की यातायात बाधा का मुद्दा सीएम योगी तक पहुंचा, एमएलसी विजय शिवहरे ने रखी बात

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भाजपा नेता व एमएलसी विजय शिवहरे ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश के विकास, जनकल्याण योजनाओं और आगरा से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। विजय शिवहरे ने एम.जी. रोड स्थित आगरा कॉलेज के सामने सड़क पर मौजूद मजार से उत्पन्न यातायात समस्या का मुद्दा उठाते हुए जनहित में कार्रवाई का अनुरोध किया।

Feb 10, 2026 - 21:37
 0
एमजी रोड की यातायात बाधा का मुद्दा सीएम योगी तक पहुंचा, एमएलसी विजय शिवहरे ने रखी बात
सीएम योगी से आगरा की समस्याओं को लेकर चर्चा करते एमएलसी विजय शिवहरे।

आगरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में एमएलसी विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रदेश के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण जनहित विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।

भेंट के दौरान विजय शिवहरे ने आगरा शहर से संबंधित प्रमुख जनसमस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। उन्होंने विशेष रूप से एम.जी. रोड स्थित आगरा कॉलेज के सामने सड़क के मध्य स्थित मजार के कारण उत्पन्न हो रही यातायात बाधा का मुद्दा उठाया। उन्होंने जनहित एवं यातायात सुगमता को दृष्टिगत रखते हुए इस विषय पर आवश्यक और प्रभावी कार्यवाही कराने का अनुरोध किया।

एमएलसी विजय शिवहरे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृढ़, निर्णायक एवं विकासोन्मुख नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सुशासन, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और तेज़ विकास की स्पष्ट झलक देखने को मिल रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के स्पष्ट विज़न, कठोर निर्णय क्षमता और अडिग संकल्प के कारण प्रदेश आज विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री का कर्मठ, अनुशासित एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाला नेतृत्व प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के नागरिकों के लिए विश्वास और प्रेरणा का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह शिष्टाचार भेंट प्रदेश के विकास को और गति देने, तथा आगरा सहित अन्य क्षेत्रों की जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक संवाद सिद्ध होगी।