Video News : आगरा में आसमानी आफत का मंजर, घरों में नदियां, सड़कों पर समंदर
आगरा में लगातार दो दिन से बारिश हो रही है। कई क्षेत्रों में मकान और पेड़ गिरने की खबरें आ रही हैं। इसके बाद लोगों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं। घरों के अंदर घुटनों तक पानी है और सड़कें जैसे समंदर बन गई हैं। जिला प्रशासन ने बिजली के खंबों, जर्जर स्थानों से दूर रहने की चेतावनी दी है। अब शहर के कई इलाकों से लोग उनके घरों और कॉलोनियों में भरा पानी और उसकी वजह से उपजे हालातों के फोटो—वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। आवास विकास कॉलोनी के हालात डराने वाले हैं। यहां के भी कई वीडियो सामने आए हैं।
आगरा में लगातार दो दिन से बारिश हो रही है। कई क्षेत्रों में मकान और पेड़ गिरने की खबरें आ रही हैं। इसके बाद लोगों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं। घरों के अंदर घुटनों तक पानी है और सड़कें जैसे समंदर बन गई हैं। जिला प्रशासन ने बिजली के खंबों, जर्जर स्थानों से दूर रहने की चेतावनी दी है।
खबर है कि आगरा में भारी बारिश के चलते पीपल मंडी, काला महल, दरेसी समेत कई मकान गिरे हैं। इनमें से कई मकान जर्जर और खाली भी थे, जबकि एक जगह लोगों के दबने की खबरें भी सामने आई हैं। लिहाजा जो बारिश खुशनुमा लग रही थी वही अब डराने लगी है।
शहर से देहात तक जलभराव हैं आगरा दिल्ली हाईवे पर रुनकता के पास चार फीट तक पानी है। जिससे यातायात भी डायवर्ट करना पड़ा है। शहर में कई गलियां जलमग्न हैं। शहर और देहात में मकान गिरे हैं। फतेहपुर सीकरी हाईवे पर आंधी- बारिश से गिरे टूटे पेड़ों को हटवाकर यातायात शुरू कराया गया है। मंगलवार रात से रुक रुककर हो रही बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है।
बल्केश्वर में सीताराम कॉलोनी की दीवार यमुना में ढह गई। पिनाहट में पुराने किले की दीवार गिर गई है। पीर कल्याणी में सेंट पॉल्स इंटर कॉलेज के मैदान की दीवार ढहने से मिट्टी सड़कों पर बहने लगी। कई जगहों पर मकान धंसने की खबर है।
लोहामंडी में बुधवार रात नाला ओवरफ्लो होने से बाइक सवार दो युवक नाले में बहने लगे। चीख पुकार मची तो स्थानीय लोगों ने डूबने से पहले ही दोनों को सुरक्षित कर लिया। इधर, टेढ़ी बगिया क्षेत्र में नाला ढहने से सड़क किनारे खड़ा ट्रक नाले में गिर पड़ा। हादसे में ट्रक चालक घायल हुआ है। रघुनाथ कॉम्पलेक्स के पास एक पुराना विशाल पीपल का पेड़ गिरने से मार्ग बंद हो गया।
बारिश से सरकारी कार्यालयों में कर्मचारी देर से पहुंचे। बारिश की वजह से कर्मचारियों के नहीं पहुंचने से सरकारी कार्यालय खाली हैं। जिला प्रशासन ने खराब मौसम के चलते लोगों से अपील है कि, जर्जर मकान, दीवार, बिजली खंभों से दूर रहें।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आगरा मंडल में 11 से 13 सितंबर को भीषण बारिश की चेतावनी जारी की थी। मौसम विभाग की यह चेतावनी सही साबित हुई। बुधवार सुबह से बारिश की शुरुआत हुई थी। लगातार आसमान से रिमझिम फुहारें बरस रहीं हैं।