बाबा साहब के संविधान की ताकत से ही मैं दो बार उपमुख्यमंत्री बना: भीमनगरी मंच से केशव मौर्य का बड़ा बयान, गिन्नी माही के गीतों पर झूम उठे लोग

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर ग्यासपुरा क्षेत्र की ओर से जीआईसी मैदान में सजी 31वीं भीमनगरी में आस्था, उत्साह और जनसैलाब का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के पहुंचते ही ‘जय भीम’ और ‘नमो बुद्धाय’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।

Apr 15, 2026 - 22:19
Apr 15, 2026 - 22:24
 0
बाबा साहब के संविधान की ताकत से ही मैं दो बार उपमुख्यमंत्री बना: भीमनगरी मंच से केशव मौर्य का बड़ा बयान, गिन्नी माही के गीतों पर झूम उठे लोग
जीआईसी ग्राउंड पर सजी भीमनगरी में बुधवार की सायं पहुंचे यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित करते भीमनगरी आयोजन समिति के पदाधिकारी।

थाईलैंड से आए भंते फ्रा अमनात इंटीटेचो ने बौद्ध वंदना के साथ चक्रवर्ती सम्राट अशोक महल का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान धम्म दीप, धम्म उज्ज्वल, भंते चंद्र बोधि, आनंद रत्न, सिद्धार्थ बोधि और विख्खू शीलानंद भी मौजूद रहे।

संविधान की देन है मेरा उपमुख्यमंत्री बनना

भीमनगरी के मंच से जनसमूह को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मैं दूसरी बार उपमुख्यमंत्री बना हूं, यह बाबा साहेब के संविधान की देन है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना और एक आदिवासी बेटी का राष्ट्रपति बनना भी इसी संविधान की ताकत है।
उन्होंने कहा कि सरकार बाबा साहेब के अधूरे सपनों को एक-एक कर पूरा करने के लिए संकल्पित है और सबका साथ, सबका विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रही है।

बाबा साहेब के सूत्रों पर चलने का आह्वान

केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने बाबा साहेब के शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो के संदेश को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो समाज को आगे बढ़ाती है।

भीमनगरी के मंच पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ मौजूद अन्य मंत्री, विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता। 

गिन्नी माही के गीतों पर झूम उठा शहर

संगीत संध्या में प्रख्यात पंजाबी गायिका गिन्नी माही ने मंच पर पहुंचते ही बाबा साहेब और तथागत बुद्ध को नमन किया। उन्होंने ‘मैं फैन बाबा साहेब दी’, ‘बन कर मसीहा आया भीमा’ जैसे गीतों से ऐसा समां बांधा कि पूरा मैदान झूम उठा। दर्शकों की मांग पर उन्होंने अपने लोकप्रिय गीत दोबारा प्रस्तुत किए।

हजारों की भीड़, हर वर्ग की सहभागिता

भीमनगरी में आगरा ही नहीं बल्कि फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, हाथरस, अलीगढ़ सहित कई जिलों से हजारों लोग पहुंचे। कोषाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि आयोजन में सर्वधर्म और सभी वर्गों की भागीदारी रही, जिसने इसे सामाजिक समरसता का प्रतीक बना दिया।

उपमुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। समता सैनिक दल के स्वयंसेवकों ने भी व्यवस्था संभाली, जबकि 112 और फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर मुस्तैद रहीं।

कल होगा 100 जोड़ों का सामूहिक विवाह

आयोजन समिति के अनुसार 16 अप्रैल को बौद्ध रीति-रिवाज से 100 जोड़ों का दहेज मुक्त सामूहिक विवाह कराया जाएगा। सौ घोड़ों पर बरात तहसील चौराहे से निकलेगी और जीआईसी मैदान पहुंचेगी। शाम को अनुज जाटव और देवीराम पप्पू की संगीत प्रस्तुति होगी, जबकि सांसद चंद्रशेखर आजाद मुख्य अतिथि के रूप में लोगों को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम में यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, विधायकगण पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ जीएस धर्मेश, भगवान सिंह कुशवाह, विजय शिवहरे, लघु उद्योग निगम के अध्य़क्ष राकेश गर्ग और भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor