महीना भर हो गया, किरावली क्षेत्र की 16 साल की लड़की को लेकर गायब है 17 साल का लड़का
आगरा। किरावली थाना क्षेत्र से एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की और 17 वर्षीय किशोर पिछले एक महीने से लापता हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले 8 महीने से नज़दीकियां थीं और वे रिलेशनशिप में थे। मौका पाकर दोनों घर से भाग निकले। परिजन इस नाबालिग प्रेमी युगल को तलाशते-तलाशते थक चुके हैं, लेकिन इनका कोई पता नहीं चल पा रहा।
-लड़की की शादी तय हो चुकी थी, परिवार वाले हाथ पीले करते कि इससे पहले ही ले उड़ा प्रेमी
लड़की के परिवार द्वारा किरावली थाने में दी गई तहरीर में कहा गया है कि लड़की की शादी तय हो चुकी थी, और इसी वजह से युवक उसे बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गया। परिवार के अनुसार, रात के समय जब सभी सदस्य सो रहे थे, तभी युवक घर में घुसकर लड़की को अपने साथ ले गया।
लड़की के परिजनों ने किरावली थाने में गुमशुदगी की सूचना दे दी है और कहा है कि युवक के परिवार का भी पिछले एक महीने से कोई अता-पता नहीं है। साथ ही, परिवार ने यह आरोप भी लगाया कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं और वे मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं।
पुलिस भी जांच कर रही है, लेकिन प्रेमी युगल का पता नहीं लग पा रहा। यह मामला तो पॉक्सो एक्ट का बनता है, लेकिन जो लड़का अपने साथ लड़की को लेकर भागा है, वह खुद भी नाबालिग है।