जनकपुरी समिति ने छह सेक्टर का बनाया सुरक्षा प्लान, 200 कार्यकर्ता तैनात रहेंगे

आगरा। आगामी श्री जनकपुरी महोत्सव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने की दिशा में आयोजन समिति ने बड़ी तैयारी की है। अनुमान है कि इस बार महोत्सव में 15 से 20 लाख श्रद्धालु उमड़ेंगे। इसी तथ्य को ध्यान में रखते हुए समिति के मुख्य संरक्षक और राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में शुक्रवार शाम होटल सेलिब्रेशन, कमला नगर में सुरक्षा प्रमुख शशांक तिवारी व उनकी टीम के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा रणनीति को अंतिम रूप दिया गया और सुरक्षा कार्ड का विमोचन भी किया गया।

Sep 12, 2025 - 20:54
 0
जनकपुरी समिति ने छह सेक्टर का बनाया सुरक्षा प्लान, 200 कार्यकर्ता तैनात रहेंगे
होटल सेलिब्रेशन कमला नगर में जनकपुरी महोत्सव का सुरक्षा कार्ड विमोचन करते राज्यसभा सांसद नवीन जैन। साथ में सुरक्षा प्रमुख शशांक तिवारी, गौरव पोद्दार, अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, रामरतन मित्तल आदि।

-सांसद नवीन जैन की अध्यक्षता में बनी सुरक्षा रणनीति, होटल सेलिब्रेशन में सुरक्षा कार्ड का हुआ विमोचन

छह सेक्टर, 200 कार्यकर्ता, वॉकी-टॉकी से कनेक्टेड

सुरक्षा प्रमुख शशांक तिवारी ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे जनकपुरी क्षेत्र को छह सेक्टरों में बांटा गया है, जिसमें एबीसीडी ब्लॉक के मार्ग, कमला नगर मेन रोड और जनक महल शामिल हैं। प्रत्येक सेक्टर में 25-25 कार्यकर्ताओं की टीम, एक प्रभारी और दो सह-प्रभारी रहेंगे। सभी टीम वॉकी-टॉकी से जुड़े होंगे और हर प्रभारी को प्रति घंटे अपनी टीम की सेल्फी भेजनी होगी ताकि उनकी मौजूदगी सुनिश्चित हो सके।
लगभग 200 कार्यकर्ता एक जैसी टी-शर्ट में सुरक्षा कार्य में तैनात रहेंगे।

वीआईपी और एनसीसी की विशेष ड्यूटी रहेगी। मिथिला महल पर 35 कार्यकर्ता बैरिकेडिंग, एंट्री, एग्जिट और वीआईपी पास चेकिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। वीवीआईपी मार्ग से एंट्री के लिए 30 युवा साथी एनसीसी से लगाए जाएंगे।

बैठक में मौजूद रहे प्रमुख लोग

बैठक में सुरक्षा टीम के कोऑर्डिनेटर यशपाल ठाकुर, सेक्टर प्रभारी आलोक वैष्णव, राहुल कुशवाह, मोनू भारती, मोहित शर्मा, रितिक, सह प्रभारी नारायण चतुर्वेदी, आशीष शर्मा, आकाश राठौर, गोपी माहौर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा समिति के महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल, संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल, सर्व व्यवस्था प्रमुख गौरव पोद्दार, कोषाध्यक्ष रामरतन मित्तल, सहकोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल बैंक समेत कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor