सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों के लिए डीएम से मिले जनकपुरी कमेटी के पदाधिकारी

आगरा। श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति, कमला नगर ने शनिवार को जिलाधिकारी आवास पर पहुंचकर जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी को पत्र सौंपा और आने वाले जनकपुरी महोत्सव के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम और मिथिला नगरी में तेज़ी से विकास कार्य कराने की मांग की।

Aug 16, 2025 - 18:39
 0
सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों के लिए डीएम से मिले जनकपुरी कमेटी के पदाधिकारी
जिलाधिकारी आवास पर जनकपुरी महोत्सव के संबंध में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी के साथ मौजूद राकेश गर्ग, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल आदि।

राम बारात के लिए व्यापक तैयारी

समिति के मार्गदर्शक एवं लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल, राजा जनक राजेश अग्रवाल, और संरक्षक राकेश मंगल,  ने डीएम को पत्र सौंपकर बताया कि 17 सितंबर की रात भगवान राम की बरात निकलेगी और जनकपुरी में 18 सितंबर की सुबह पहुंचेगी। यहां 18 से 21 सितंबर तक लाखों श्रद्धालु भगवान राम, माता सीता और अन्य स्वरूपों के साथ-साथ आकर्षक मिथिला महल के दर्शन करेंगे।

सुरक्षा और विकास कार्य प्राथमिकता

समिति ने डीएम को जनकपुरी क्षेत्र का नक्शा दिखाते हुए आग्रह किया कि लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जाए। महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल ने मांग की कि पूरे क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य शुरू कराए जाएं और उनकी गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

12 से 15 करोड़ के कार्य होंगे पूरे

अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि दो-तीन दिन में कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। जहां-जहां से सीता माता का डोला निकलेगा और जहां-जहां प्रभु श्रीराम भ्रमण करेंगे, उन सभी मार्गों सहित पूरे जनकपुरी क्षेत्र में लगभग 12 से 15 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे।

इस मौके पर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, समिति के महामंत्री उमेश कंसल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, सह-कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल बैंक, अनिल अग्रवाल एडवोकेट, पंकज अग्रवाल और वंश अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor