आगरा का जनकपुरी महोत्सवः कमला नगर के शिवम पार्क में सजेगा अलौकिक जनक महल
आगरा। कमला नगर में इस वर्ष आयोजित होने वाले भव्य जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार शाम सेलिब्रेशन रेस्टोरेंट में आयोजित बैठक में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने महोत्सव समिति के नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए कहा कि आयोजन को भव्यता देने के लिए 300 सक्रिय कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जो लोग तन-मन से सेवा करना चाहते हैं, वे समिति से संपर्क कर सकते हैं।
पदाधिकारियों की नई नियुक्तियां
जनकपुरी महोत्सव समिति का विस्तार करते हुए पार्षद प्रदीप अग्रवाल को महामंत्री तथा पार्षद पंकज अग्रवाल और नितिन कोहली को संयोजक बनाया गया। नवीन जैन ने माला पहनाकर सभी को सम्मानित किया।
जनक महल बनेगा शिवम पार्क में
महामंत्री बनाए गए पार्षद प्रदीप अग्रवाल ने घोषणा की कि इस बार जनक महल का निर्माण बी ब्लॉक स्थित शिवम पार्क में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्टैंडिंग कमेटी की कई दौर की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। इस घोषणा के बाद मिथिला समाज में उत्साह की लहर दौड़ गई और लोगों ने जय जय सियाराम के नारों के साथ खुशी जाहिर की।
विकास की बहेगी गंगा
महोत्सव समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि कमला नगर के सर्वांगीण विकास का माध्यम भी बनेगा। हर गली, हर कोने में लाइटिंग, सीवर, सफाई और सड़कों की मरम्मत के कार्य कराए जाएंगे।
मंच पर उपस्थित रहे गणमान्य लोग
इस अवसर पर राजा जनक राजेश अग्रवाल, महामंत्री उमेश कंसल, कोषाध्यक्ष रामरतन मित्तल, विशिष्ट संरक्षक चौ. विजेंद्र सिंह, श्री भगवान रैपुरिया, समन्वयक सत्य प्रकाश गुप्ता और सलाहकार विजय अग्रवाल मंच पर मौजूद रहे।
इसके अलावा पार्षद मुरारी लाल गोयल, हरिओम गोयल, राकेश अग्रवाल (आकांक्षा), रामगोपाल गोयल, रंगेश त्यागी, मोहित अग्रवाल, कृष्ण कुमार गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, पवन अग्रवाल, अरुण जैन, अनिल एडवोकेट, संजय चौहान, नवल तिवारी सहित महिला समिति की अध्यक्ष सीमा अग्रवाल और अनेक महिला कार्यकर्ता मौजूद थीं।