श्रीराम की बरात की अगवानी को जगमगाने लगी जनकपुरी, तीन दिन बंद रहेंगी शराब की दुकानें

आगरा। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की जनकपुरी प्रभु श्रीराम की बरात की अगवानी के लिए सजधज कर तैयार है। पूरा इलाका उत्सवमय वातावरण में डूब चुका है और लोग अपने प्रिय आराध्य के स्वागत की बाट जोह रहे हैं। राजा जनक का मंच इस बार अलौकिक छटा बिखेर रहा है। कल अयोध्या से राम बारात जनकपुरी के लिए प्रस्थान करेगी, वहीं सीता जी डोले में सवार होकर गौरी पूजन के लिए निकलेंगी।

Sep 16, 2025 - 20:30
 0
श्रीराम की बरात की अगवानी को जगमगाने लगी जनकपुरी, तीन दिन बंद रहेंगी शराब की दुकानें
कमला नगर में आयोजित जनकपुरी महोत्सव में बनाया गया मिथिला महल मंगलवार की रात जगमगाया तो हर कोई उत्साहित हो उठा।

-डीएम ने पुलिस समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जनकपुरी क्षेत्र का दौरा कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा

मंगलवार को श्री जनकपुरी महोत्सव को लेकर प्रशासन, आयोजन समिति और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया, वहीं 18 से 20 सितंबर तक पूरे क्षेत्र में शराब की दुकानें बंद करने और शाम छह बजे से रात बारह बजे तक नो-कार जोन लागू करने का निर्णय लिया गया है।

महोत्सव समिति ने घोषणा की कि 17 सितंबर बुधवार को शाम 5.30 बजे सीता जी का डोला कावेरी मंदिर, कमला नगर से प्रारंभ होगा और विभिन्न मार्गों से होते हुए एफ ब्लॉक जनक पार्क पहुंचेगा। इस डोला यात्रा में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

प्रशासनिक बैठक और तैयारियां

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति ने नगर निगम, टोरंट, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनक मंच पर बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने निरीक्षण करते हुए कहा कि जनकपुरी उत्तर भारत का सबसे बड़ा आयोजन है, इसे पर्यटन से जोड़ना चाहिए ताकि ताजमहल और फतेहपुर सीकरी आने वाले पर्यटक भी जनक महल की छटा देख सकें। उन्होंने समिति की मांग पर 18, 19 और 20 सितंबर को पूरे जनकपुरी क्षेत्र में शराब के ठेके बंद करने का आदेश दिया।

नो-कार जोन और सफाई अभियान

समिति के मुख्य संरक्षक एवं राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने 18 से 20 सितंबर तक शाम छह बजे से रात बारह बजे तक कमला नगर क्षेत्र को नो-कार जोन घोषित करने की मांग की और निवासियों से इस दौरान शाम छह बजे से पहले घर पहुंचने का आग्रह किया। उन्होंने नगर निगम को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और मुगल रोड के नालों की सिल्ट उठाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि निर्माण कार्य तुरंत रोका जाए और जनकपुरी सम्पन्न होने के बाद ही दोबारा शुरू हो।

सुरक्षा और यातायात की बेहतर व्यवस्था

एडिशनल पुलिस कमिश्नर आर.बी. सिंह ने भरोसा दिलाया कि यह प्रभु राम का कार्य है, सब उत्तम होगा। सुरक्षा, यातायात और अग्निशमन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने सभी विभागों के सहयोग के लिए आभार जताया, जबकि महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया।

श्रद्धालुओं की आस्था 

इस दौरान एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, डीसीपी सिटी सोनम कुमार, डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा, एसीपी सुकन्या शर्मा सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor