जनकपुरी की सोशल मीडिया सेल शुरू, देश-विदेश में रामभक्त देख सकेंगे प्रभु सियाराम का अलौकिक स्वरूप
आगरा। जनकपुरी महोत्सव समिति, कमला नगर ने शनिवार को डिजिटल युग की जरूरतों को समझते हुए जनकपुरी महोत्सव की पल-पल की झलक करोड़ों रामभक्तों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना तकनीक युक्त सोशल मीडिया सेल का विधिवत शुभारंभ किया। बी ब्लॉक स्थित जनकपुरी कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने आईटी सेल का पोस्टर विमोचन कर अभियान की शुरुआत की।
-कमला नगर कार्यालय पर हुआ आईटी सेल का पोस्टर विमोचन, राज्यसभा सांसद नवीन जैन रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महोत्सव समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि जनकपुरी महोत्सव में वर्षों से सोशल मीडिया सेवा दे रहे जुगल किशोर श्रोत्रिय को इस बार आईटी सेल का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में यश शिवहरे, हिमांशु धाकरे, वैभव कक्कड़, वंश श्रोत्रिय और गर्वित शिवहरे जैसे कई फ्रीलांस यूट्यूबर्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से महोत्सव की लाइव अपडेट देश-विदेश में बैठे रामभक्तों तक पहुंचाएंगे।
महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल, नितिन कोहली ने आगरा शहरवासियों से सोशल मीडिया पर महोत्सव की पोस्ट को अधिक से अधिक शेयर करने की अपील की। जब प्रभु राम की बारात जनकपुरी में प्रवेश करेगी, तो आईटी सेल टीम ड्रोन शॉट्स और लाइव क्लिप्स के माध्यम से इस अद्वितीय क्षण को रिकॉर्ड करेगी, जिसे सोशल मीडिया पर साझा किया जाएगा।
आईटी सेल प्रभारी जुगल किशोर श्रोत्रिय ने बताया कि भक्त जनकपुरी कमला नगर आगरा नाम से फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं या बारकोड लिंक के माध्यम से सीधे जुड़कर महोत्सव का भरपूर आनंद उठा सकते हैं।
इस अवसर पर उमेश कंसल, रामरतन मित्तल, रामगोपाल गोयल, मोहित अग्रवाल, डॉ. जितेंद्र तिवारी, अनिल अग्रवाल (बैंक), राजीव नागरानी, मुरारी लाल गोयल, भगवती प्रसाद शाक्य, प्रवीण अग्रवाल, केके अग्रवाल (मीडिया प्रभारी), नीलम अग्रवाल, कुमकुम उपाध्याय, गौरव तिवारी, बल्लू पालीवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।