श्री महालक्ष्मी मंदिर में सजा फूल बंगला, पोशाक अर्पण के साथ शुरू हुई जन्माष्टमी की तैयारियां

आगरा। बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा भव्य फूल बंगला और दालबाटी सहभोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माता महालक्ष्मी को आकर्षक मोतियों से जड़ी हुई दिव्य पोशाक पहनाई गई। कार्यक्रम में भक्ति, उत्साह और सामाजिक समरसता का संगम देखने को मिला।

Jun 23, 2025 - 21:45
 0
श्री महालक्ष्मी मंदिर में सजा फूल बंगला, पोशाक अर्पण के साथ शुरू हुई जन्माष्टमी की तैयारियां
श्री महालक्ष्मी मंदिर में सोमवार को सजे फूल बंगले के साथ मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोग।  

-दालबाटी सहभोज में समरसता का संदेश, 17वें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की बनाई रूपरेखा

मंदिर में हुए सहभोज कार्यक्रम में भक्त मंडल के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु एक साथ प्रसादी ग्रहण कर समाज में समरसता का संदेश देते नज़र आए। कार्यक्रम के बाद आगामी अगस्त में आयोजित होने वाले 17वें जन्माष्टमी महोत्सव की रूपरेखा बनाई गई, जिसे इस बार और अधिक भव्य एवं भक्ति से ओतप्रोत बनाने की योजना है।

13 से 17 अगस्त तक पांच दिवसीय महोत्सव

श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल समिति के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने जानकारी दी कि जन्माष्टमी महोत्सव इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें छप्पन भोग, श्याम संध्या, रासलीला, और भव्य पोशाक यात्रा जैसे कार्यक्रमों के साथ श्याम रसोई में 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरित किया जाएगा।

भक्त मंडल ट्रस्टी राम कपूर ने बताया कि इस बार महोत्सव में ब्रज की लीलाओं पर आधारित झांकियां विशेष आकर्षण होंगी। सतीश कपूर व कपिल कपूर ने बताया कि आयोजन में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी दिव्य लीलाओं को झांकियों और रासलीला के माध्यम से जीवंत किया जाएगा।

ये पदाधिकारी मौजूद रहे

इस आयोजन में राम कपूर, सतीश कपूर, कपिल कपूर, संजय अग्रवाल (अध्यक्ष), मनोज जैन (मंत्री), अशोक सिंघल (कोषाध्यक्ष), दिलीप बंसल, संजीव रतन, अजय अग्रवाल, सुशील गुप्ता, सुमित अग्रवाल, अंती गुप्ता, रोहित गोयल, राकेश अग्रवाल समेत अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor