ज्योतिर्मयी नायक ने जीता 'इंडियन आइडल 16',  मिले ₹20 लाख, ओडिशा की बेटी ने रचा इतिहास  

'इंडियन आइडल 16' की विनर ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक बन गई हैं। उन्होंने ट्रॉफी के अलावा 20 लाख रुपये जीते। विनर बनने पर ज्योतिर्मयी भावुक हो गईं और इसका क्रेडिट कैंसर के मरीजों को दिया, जिन्हें उन्होंने म्यूजिक थैरेपी के जरिए हील किया है।

Jul 26, 2026 - 23:00
 0
ज्योतिर्मयी नायक ने जीता 'इंडियन आइडल 16',  मिले ₹20 लाख, ओडिशा की बेटी ने रचा इतिहास   

मुंबई। आखिरकार 'इंडियन आइडल 16' को अपना विनर मिल गया। ओडिशा की रहने वालीं ज्योतिर्मयी नायक 'इंडियन आइडल 16' की विनर बनीं। ट्रॉफी के साथ-साथ उन्होंने 20 लाख रुपये की प्राइज मनी भी जीती। वहीं, जबलपुर के तनिष्क शुक्ला रनर-अप रहे। इस तरह 10 महीनों से चला आ रहा 'इंडियन आइडल' का 16वां सीजन खत्म हो गया। इसे श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और बादशाह ने जज किया। हालांकि, फिनाले में विशाल ददलानी शामिल नहीं हो सके।

इस साल 'इंडियन आइडल' की थीम 'यादों की प्लेलिस्ट' थी, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। यह सीजन भी खूब हिट रहा, जिसके कारण इसे दो बार 3-3 महीने का एक्सटेंशन भी मिला। अब ग्रैंड फिनाले हुआ, तो वह भी शानदार, जिसमें कुमार सानू और ऊषा उत्थुप के अलावा शहनाज गिल और उर्मिला मातोंडकर भी पहुंचीं। विनर बनने के बाद ज्योतिर्मयी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, और इसका क्रेडिट उन्होंने कैंसर के उन मरीजों को दिया, जिन्हें उन्होंने अपनी म्यूजिक थैरेपी के जरिए ठीक किया।  

'इंडियन आइडल 16' में अपने 10 महीने के सफर के बारे में बात करते हुए विनर ज्योतिर्मयी नायक ने कहा, 'यह सफर लगभग एक साल का रहा है। मैं 14 सितंबर को मुंबई आई थी और यह सफर काफी यादगार रहा। खुशी की बात है कि यह सफर कामयाब भी रहा और मैंने ट्रॉफी जीती। मैंने कभी प्राइज मनी जीतने के बारे में नहीं सोचा था। मैंने बस अपना बेस्ट देने और अच्छे कमेंट्स पाने के बारे में सोचा था। चूंकि मैंने पैसे के बारे में नहीं सोचा था, इसलिए मुझे नहीं पता कि मैं इसका इस्तेमाल कहां करूंगी। अब मैं इस बारे में सोचूंगी।'
 
ज्योतिर्मयी ने फिर बताया कि 'इंडियन आइडल 16' में उनके उतार-चढ़ाव वाले कौन से पल रहे। वह बोलीं, 'सबसे अच्छा पल तब था जब मुझे कुछ मशहूर गानों पर परफॉर्म करने का मौका मिला और वो गाने बहुत अच्छे रहे। सबसे बुरा पल तब था जब एलिमिनेशन के दौरान मैं सबसे नीचे आ गई थी। हालांकि, मुझे बहुत सारे वोट मिले और मैंने बस कड़ी मेहनत जारी रखी।'

'इंडियन आइडल 16' में टॉप-6 फाइनलिस्ट ये कंटेस्टेंट थे- सुहैल सूफी, अंशिका चोंकर, मनराज वीर सिंह, मायसिमे बोसु, ज्योतिर्मयी नायक और तनिष्क शुक्ला। इनमें से सबसे पहले मायसिमे बोसु बाहर हुए, जिसके बाद शो को टॉप-5 मिले। जहां ज्योतिर्मयी नायक को 20 लाख रुपये और ट्रॉफी मिली, तो वहीं फर्स्ट और सेकेंड रनर-अप को 5-5 लाख कैश प्राइज और दूसरे-तीसरे रनर-अप को 3-3 लाख कैश प्राइज मिला।

ज्योतिर्मयी नायक एक ट्रेन्ड सिंगर होने के अलावा म्यूजिक थेरेपिस्ट भी रही हैं। उन्होंने लोगों को ठीक करने के लिए अपनी आवाज का इस्तेमाल किया। वह 'इंडियन आइडल' में हिस्सा लेने और इसे जीतने वाली पहली ओडिया लड़की हैं। अब ज्योतिर्मयी का सपना है कि उन्हें बॉलीवुड में गाने का मौका मिले।