22वें पौधरोपण समारोह में 'कदम' ने रोपे पर्यावरण जागरूकता के बीज

आगरा। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम संस्था की ओर से संजय प्लेस स्थित आगरा राइजिंग पार्क में 22वां साप्ताहिक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कदम संस्था मुख्यालय जबलपुर से संस्थापक योगेश गनौर 11 सदस्यीय टीम के साथ आगरा पहुंचे।

Jun 23, 2025 - 12:32
 0
22वें पौधरोपण समारोह में 'कदम' ने रोपे पर्यावरण जागरूकता के बीज
कदम संस्था द्वारा संजय प्लेस के राइजिंग पार्क में पौधारोपण के बाद संस्था के सदस्य गोल्डन ट्री गार्ड अभियान का संकल्प लेते हुए।

कदम शाखा आगरा के प्रमुख नमन जैन ने बताया कि संस्था की यह शाखा एडवोकेट शिखा जैन के प्रयासों से प्रारंभ हुई है, जो जबलपुर मुख्यालय से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया कि हर रविवार सुबह आगरा राइजिंग पार्क में पौधारोपण कर उनकी देखरेख की जाती है और अब तक लगाए गए सभी पौधे सुरक्षित रूप से बढ़ रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि असिस्टेंट काउंसलर फॉरेस्ट कृष्ण चंद्रशेखर ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए इसे जनांदोलन बनाने की अपील की। संस्था के संस्थापक योगेश गनौर ने पौधारोपण अभियान, बीजारोपण अभियान, अंश रोपण अभियान और जेंडर ऑन ह्यूमन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए इन अभियानों को आगरा में भी प्रारंभ करने की आवश्यकता जताई।

विशिष्ट अतिथि ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) विनोद दत्त ने कदम संस्था की समय-पालन संस्कृति की प्रशंसा करते हुए कहा कि जीवन में कार्यों को समय पर करना ही सफलता की कुंजी है।

इस अवसर पर सुनील शर्मा (माताजी ग्रुप), मनमोहन कुशवाहा (शहर महामंत्री), सुनील जैन (लीडर्स आगरा महासचिव) और वरिष्ठ समाजसेवी सुनील बग्गा को संस्था द्वारा सम्मानित किया गया।

एडवोकेट शिखा जैन ने घोषणा की कि जबलपुर की तर्ज पर आगरा में भी द गोल्ड ट्री गार्ड अभियान प्रारंभ होगा। इस क्रम में श्रीमती रचना अग्रवाल ने अपनी सोने की अंगूठी दान करते हुए इसकी औपचारिक शुरुआत की।

कार्यक्रम में जबलपुर से पंकज गोस्वामी, सीमा सील, संजय खत्री, राजेश रजक, दुर्गेश द्विवेदी, श्रीनिवास महाराणा, संतोष सुहाने, सुनील सराफ तथा आगरा से सरिता उपाध्याय, संगीता राठौर, नितिन जोड़ी, संदीप सिंह, आर.पी. सक्सेना, वरुणा कक्कड़, रेखा तंदानी, पूजा बॉम्बे, अमित ठंडानी, एडवोकेट संजय सिंह आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि डॉ. वीणा कौशिक ने अपना 58वां जन्मदिन आम का पौधा लगाकर पर्यावरण को समर्पित किया। मीडिया प्रभारी राहुल जैन ने सभी का आभार जताया।

SP_Singh AURGURU Editor