भक्तिभाव और उल्लास के साथ निकली कलश यात्रा, 12 दिवसीय नवदुर्गा महोत्सव का हुआ शुभारंभ
आगरा। बैंडबाजों की धुन पर झूमते-गाते श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा का आयोजन किया। तोता का ताल दाऊजी मंदिर से प्रारम्भ हुई कलश यात्रा नवदुर्गा महोत्सव के पण्डाल पर पहुंची, जहां वृंदावन से आए भूदेव कृष्ण शास्त्री व लखनऊ से आए आचार्य लघु मिश्रा ने विधि-विधान के साथ कलश व मूर्ति स्थापना की। हर ओर मातारानी के जयकारे गूंज उठे।
मां भगवती सेवा मण्डल द्वारा तोता का ताल (फूल मार्केट के सामने) पर 12 दिवसीय नवदुर्गा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कलकत्ता से मंगाई गई 12 फुट ऊंची मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा की स्थापना की गई है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन चार आरतियां होंगी। सुबह 6 बजे मंगला आरती, सुबह 9 बजे श्रंगार आरती, शाम 8 बजे संध्या आरती और रात 11 बजे शयन आरती।
महोत्सव में प्रतिदिन विशेष आयोजन होंगे। 23 सितम्बर को भव्य फूल बंगला, 24 सितम्बर को भक्तजनों द्वारा माता को भेंट, 25 सितम्बर को भजन संध्या, 26 सितम्बर को गुब्बारों से माता के दरबार की सजावट, 27 सितम्बर को देवी जागरण, 28 सितम्बर को डांडिया उत्सव, 29 सितम्बर को महाआरती, 30 सितम्बर को कन्या पूजन, 1 अक्टूबर को पण्डाल में आकर्षक झाँकियाँ, 2 अक्टूबर को भण्डारा, 3 अक्टूबर को सुंदरकाण्ड पाठ और समापन तथा 4 अक्टूबर को मूर्ति विसर्जन किया जाएगा।
इस अवसर पर मनीष, दिनेश कुशवाह, विष्णु, पार्षद विक्रांत कुशवाह, पार्षद अमित पटेल, पिंकी, रिया, सुमन, रूबी सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।