कलराज मिश्र बोले- शशि थरूर काबिल नेता, प्रतिनिधिमंडल में शामिल होना स्वाभाविक
बरेली। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर की प्रशंसा करते हुए उन्हें काबिल और योग्य नेता बताया। उन्होंने कहा कि, सरकार प्रतिनिधिमंडल में उन्हीं लोगों को शामिल करती है जिन्हें वह सक्षम समझती है और थरूर ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का पक्ष मजबूती से रखा है।
-पूर्व राज्यपाल ने कहा- पाकिस्तान को हरकत का मिलेगा करारा जवाब, वन नेशन-वन इलेक्शन है समय की मांग
श्री मिश्र सोमवार सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भारत-पाकिस्तान, ऑपरेशन सिंधु सुरक्षा, वन नेशन-वन इलेक्शन, जातिगत जनगणना जैसे मुद्दों पर भी अपने विचार रखे।
ऑपरेशन सिंधु खत्म नहीं हुआ, पाकिस्तान को मिलेगा जवाब
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंधु अभी समाप्त नहीं हुआ है और यदि पाकिस्तान कोई दुस्साहस करता है तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत की नीति स्पष्ट है, अगर वार्ता होगी तो केवल दो मुद्दों पर होगी आतंकवाद और पाक अधिकृत कश्मीर। कोई तीसरा एजेंडा नहीं।
भारत किसी मध्यस्थता को नहीं स्वीकारेगा
कलराज मिश्र ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का उल्लेख करते हुए कहा, यह अच्छी बात है कि ट्रंप ने खुद मध्यस्थता से इनकार कर दिया है। भारत अपने द्विपक्षीय मामलों में किसी तीसरे पक्ष को स्वीकार नहीं करता।
एक देश एक चुनाव से ही बनेगा विकसित भारत
वन नेशन-वन इलेक्शन के मुद्दे पर मिश्र ने कहा कि यह समय की ज़रूरत है। बार-बार चुनाव होने से विकास बाधित होता है। अगर 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, तो चुनाव प्रणाली में एकरूपता जरूरी है।
उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए बताया कि 1967 तक भारत में एक साथ चुनाव होते थे। लेकिन 1972 के चुनाव एक साल पहले कराए जाने के बाद यह सिलसिला टूट गया।
जातिगत जनगणना पर भाजपा का स्पष्ट रुख
जातिगत जनगणना के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी इसका विरोध नहीं किया। उन्होंने कहा, अगर आंकड़े स्पष्ट हों तो इससे कोई नुकसान नहीं, लेकिन कुछ लोग इसका इस्तेमाल समाज को बांटने के लिए कर रहे हैं, जो उचित नहीं है।