कंगना रनौत के मामले में कल होगी आगरा की अदालत में बहस
आगरा। हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत से जुड़े एक मामले में आज कल आगरा की स्पेशल कोर्ट एमपी-एमएलए में दोनों पक्षों की ओर से बहस होगी। यह सुनवाई न्यायाधीश अनुज कुमार सिंह की अदालत में होगी।
पिछली सुनवाई के दौरान कंगना की ओर से उनके स्थानीय अधिवक्ता ने एक लिखित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर बहस के लिए समय मांगा था। प्रार्थना पत्र में बताया गया था कि कंगना रनौत की ओर से सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता अनुसूया चौधरी बहस करेंगी और उनके उपस्थित होने के लिए अतिरिक्त समय दिया जाए।
कोर्ट ने यह अनुरोध स्वीकार करते हुए 21 अप्रैल की तिथि बहस के लिए तय की थी। कल की सुनवाई में यह तय होगा कि इस मामले में आगे की प्रक्रिया क्या होगी और कंगना की ओर से कौन-कौन से तर्क प्रस्तुत किए जाते हैं।
यह मामला कंगना के एक विवादित बयान से जुड़ा हुआ है, जिसकी शिकायत राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने कोर्ट में दर्ज कराई थी।