कंगना रनौत को जवाब के लिए 8 अगस्त तक की मोहलत, वादी पक्ष ने कहा- यह देरी करने की रणनीति
आगरा। किसानों के अपमान और राष्ट्रद्रोह के आरोपों से जुड़े बहुचर्चित प्रकरण में अभिनेत्री व सांसद कंगना रनौत को जवाब प्रस्तुत करने के लिए अदालत ने 8 अगस्त 2025 की तिथि नियत की है। शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय कुमार मलिक की अदालत में कंगना की ओर से उनके अधिवक्ताओं ने एक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अतिरिक्त समय की मांग की थी।
कंगना रनौत की ओर से पेश हुए उनके अधिवक्ताओं ने कोर्ट में एक प्रार्थना पत्र किया, जिसमें कहा गया कि संसद सत्र की व्यस्तताओं के चलते कंगना रनौत से रिवीजन में उठाए गए बिंदुओं पर अधिवक्ताओं से समुचित विचार-विमर्श नहीं हो सका है। अतः जवाब प्रस्तुत करने के लिए अतिरिक्त समय दिया जाए।
उल्लेखनीय है कि रिवीजन की प्रति 30 जून 2025 को विपक्षी अधिवक्ताओं को प्राप्त हो गई थी। इस पर बादी पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता दुर्ग विजय सिंह भैया, राजीव सिंह, सुमंत चतुर्वेदी एवं बीएस फौजदार ने तीखी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह जानबूझकर देरी करने की एक रणनीति है। उन्होंने तर्क दिया कि कंगना के अधिवक्ताओं को पर्याप्त समय दिया जा चुका है, और अब देरी करना न्याय की प्रक्रिया को बाधित करना है।
सुनवाई के बाद अदालत ने कंगना रनौत को अंतिम अवसर देते हुए 8 अगस्त 2025 तक जवाब प्रस्तुत करने का समय दिया है।