मथुरा के कारागार में जन्मे कान्हा, श्रद्धालु भाव-विभोर
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। कारागार में कान्हा जी का जन्म होते ही रात 12 बजे आरती शुरू हो गई, जिससे श्रद्धालु भाव विभोर हो गए।
मथुरा। देश भर में श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि यानी मथुरा के कृष्ण मंदिर के कारागार में जश्न का माहौल है। भगवान श्रीकृष्ण का कारागर में जन्म हो गया है। ठीक रात 12 बजे कान्हा जी के जन्म के उपलक्ष्य में आरती शुरू की गई। वहीं श्रद्धालु इस दौरान भाव विभोर नजर आए। इसी के साथ देश के कोने-कोने में श्रीकृष्ण की गूंज सुनाई देनी शुरू हो गई। वहीं मथुरा-वृंदावन के मंदिरों समेत देश भर के मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप का स्वागत किया गया।
भगवान श्रीकृष्ण के 5,252वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ भी मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि में पहुंचे। यहां भगवान केशव एवं श्री राधा रानी के दिव्य स्वरूप के दर्शन-पूजन भी किए।
भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए जन्मभूमि मंदिर के कपाट सायं ही खोल दिए गए । मथुरा-वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और इस्कॉन मंदिर समेत सभी स्थलों पर जोरदार जयकारे लगे। श्रद्धालु भगवान कृष्ण के दर्शन के लिए बेहद उत्सुक नजर आए। वहीं पूरा मुथरा-वृंदावन मंदिर की घंटियों और श्रद्धालुओं के उद्घोष भक्तिमय हो गया है।
घड़ी में 12 बजाते ही मंदिर की घंटियां और शंखनाद बज उठा। चारों तरफ रोशनी से पूरी ब्रज की धरती झिलमिला उठी। पटाखे फोड़े गए। भगवान श्रीकृष्ण का दुग्ध अभिषेक किया गया।