करणी सेना का सांसद सुमन के आवास पर बवाल, पुलिस से संघर्ष, लाठीचार्ज
आगरा। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सदस्य (सांसद) रामजीलाल सुमन के आवास पर बुधवार को भारी बवाल हो गया। सुमन के राणा सांगा पर विवादित बयान को लेकर करणी सेना के सैकड़ों कार्यकर्ता आज सांसद के आवास पर विरोध करने पहुंचे। इन लोगों ने सुमन के आवास में घुसने का प्रयास किया तो पुलिस से टकराव हो गया। प्रदर्शनकारियों ने आवास के बाहर लगे गेट को तोड़ दिया और कुर्सियों को उठा-उठा कर पटका। इस बवाल में हरीपर्वत के थाना प्रभारी घायल हुए हैं। पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
-संघर्ष में हरीपर्वत थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी व प्रदर्शनकारी घायल
-राणा सांगा पर बयान के प्रति विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे सैकड़ों लोग
-कॊलोनी का गेट तोड़ अंदर घुसी भीड़, आवास के बाहर कुर्सियां पटकीं
सपा सांसद रामजी लाल सुमन द्वारा तीन दिन पहले राज्यसभा में चर्चा के दौरान मेवाड़ के राजा रहे राणा सांगा (राणा संग्राम सिंह) को गद्दार कहे जाने पर उनका चौतरफा विरोध हो रहा था। मामले में विवाद बढ़ते देख सांसद सुमन ने अगले दिन एक बयान जारी कर सफाई दी थी कि उनकी किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की मंशा नहीं थी।
यह माना जा रहा था कि अब यह विवाद शांत हो गया है, लेकिन बुधवार को मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब करणी सेना के सैकड़ों कार्यकर्ता सुमन के कथन के प्रति विरोध दर्ज कराने के लिए उनके एचआईजी फ्लैट्स, संजय प्लेस स्थित आवास पर पहुंचे। पुलिस पहले से ही आशंकित थी, इसलिए सुमन के आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
बड़ी संख्या में पहुंचे करणी सेना के लोग सुमन के आवास के बाहर उनके खिलाफ नारे लगाने लगे। इस बीच एचआईजी फ्लैट्स के अंदर घुसने के लिए लोगों ने बाहर का गेट तोड़ दिया। भीड़ अंदर आकर सुमन के आवास के सामने रखीं प्लास्टिक की कुर्सियों को उठा-उठा कर पटकने लगी।
इस बीच हरीपर्वत थाने के प्रभारी के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल वहां पहुंच चुका था। पुलिस ने लोगों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच संघर्ष की स्थिति बन गई। इसी में थाना प्रभारी आलोक कुमार घायल हो गये। कई अन्य पुलिसकर्मियों के साथ ही प्रदर्शनकारियों को भी चोटें लगी हैं।
इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने लगी। बवाल की सूचना मिलने के बाद मौके पर और भी पुलिस फोर्स बुला लिया गया था।