कश्मीरी युवाओं का भ्रमण: आईवीआरआई से दरगाह आला हज़रत तक गूंजा नारा- वाह इंडिया! वाह बरेली!!

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। माय भारत बरेली, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा गृह मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में वतन को जानो थीम पर आयोजित कश्मीरी युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत कश्मीर से आए युवा-युवतियों ने बरेली भ्रमण के अंतर्गत शहर की शैक्षणिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और आधुनिक पहचान को नज़दीक से जाना। इस दौरान उत्साहित युवाओं ने एक स्वर में कहा- वाह इंडिया! वाह बरेली!!

Feb 11, 2026 - 17:49
 0
कश्मीरी युवाओं का भ्रमण: आईवीआरआई से दरगाह आला हज़रत तक गूंजा नारा- वाह इंडिया! वाह बरेली!!
बरेली के भ्रमण पर आए कश्मीरी युवा दरगाह आला हजरत पर।

कार्यक्रम के अंतर्गत कश्मीरी युवाओं ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) का दौरा किया। यहां उन्होंने डियर पार्क, वन्य प्राणी उद्यान, एनाटॉमी विभाग तथा संग्रहालय (म्यूज़ियम) का अवलोकन किया। वैज्ञानिक अनुसंधान, पशु चिकित्सा विज्ञान और जैव विविधता से जुड़ी जानकारियों ने युवाओं में विशेष जिज्ञासा और उत्साह पैदा किया।

माय भारत बरेली की उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बरेली भ्रमण के दौरान युवाओं को न केवल शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी दी गई, बल्कि जनपद के विभिन्न शैक्षणिक, ऐतिहासिक एवं व्यवसायिक महत्व के स्थलों से भी परिचित कराया गया, जिससे उनके ज्ञान और दृष्टिकोण का विस्तार हुआ।

आईवीआरआई भ्रमण के पश्चात कश्मीरी युवाओं ने दरगाह आला हज़रत पर हाज़िरी लगाई और उसके ऐतिहासिक व आध्यात्मिक महत्व को समझा। यहां उन्होंने बरेली की गंगा-जमुनी तहज़ीब, सांस्कृतिक सौहार्द, धार्मिक सहिष्णुता और समृद्ध विरासत का प्रत्यक्ष अनुभव किया। यह अनुभव उनके लिए भावनात्मक और स्मरणीय रहा।

इसके बाद युवाओं ने फीनिक्स मॉल, बरेली का भ्रमण किया, जहां उन्हें आधुनिक शहरी जीवनशैली, वाणिज्यिक गतिविधियों और मनोरंजन के साधनों से रूबरू होने का अवसर मिला। पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक विकास के इस संतुलन ने युवाओं को विशेष रूप से प्रभावित किया।

पुष्पा सिंह ने बताया कि यह युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम देश के विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं के बीच आपसी समझ, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। प्रतिभागी युवाओं ने इस यात्रा को अत्यंत प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक और यादगार बताया।

SP_Singh AURGURU Editor